सोनीपत। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 से पश्चिमी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो रही एक महिला के हाथ से पर्स छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता चंडीगढ़ जाने के लिए ट्रेन में सवार हो रही थी। वहां से लौटकर महिला ने राजकीय रेलवे पुलिस को मामले की शिकायत दी। रेलवे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव तिहाड़ कलां की रहने वाली पूनम ने राजकीय रेलवे पुलिस को बताया कि वह 2 अगस्त को चंडीगढ़ जाने के लिए अपनी बेटी के साथ सोनीपत स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंची थी। जब ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंची तो अचानक काफी भीड़ लग गई। जब वह अपनी बेटी के साथ ट्रेन में सवार होने लगी तो इसी दौरान किसी ने उसका पर्स छीन लिया। भीड़ अधिक होने के चलते वह ट्रेन में सवार हो गई। पर्स छीनकर अज्ञात व्यक्ति वहां से भाग गया। पूनम ने बताया कि उसके पर्स में उसका मोबाइल, एक हजार रुपये, आधार कार्ड व अन्य जरूरी कागज थे। पूनम 3 अगस्त को चंडीगढ़ से लौटी। देर शाम मामले की शिकायत रेलवे पुलिस को दी। राजकीय रेलवे पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। जिससे पर्स छीनने वाले का पता लगाकर गिरफ्तार किया जा सके।