गांव रामनगर-उमेदगढ़ मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत हो गई और बाइक चालक घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को गन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया, जहां चिकित्सक ने दोनों बाइक चालकों को खानपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव उमेदगढ़ निवासी गीता गांव पिपलीखेड़ा स्थित फैक्टरी में काम करती थी। वह शुक्रवार देर शाम काम खत्म कर वापस अपने घर जा रही थी। इस दौरान उसने एक बाइक चालक से लिफ्ट ले ली। जब वह रामनगर की तरफ पहुंचे तो सामने से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें महिला व बाइक चालक घायल हो गए। घायलों को गन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल बाइक चालकों को खानपुर रेफर कर दिया। बड़ी थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला के शव को सोनीपत शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया है। परिजनों के बयान पर कार्रवाई की जाएगी।