कुंडली। कुंडली की प्रेम कॉलोनी में रहने वाले फैक्टरी कर्मी ने अज्ञात पर डिश रिचार्ज के पैसे वापस करने के नाम पर 99 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फैक्टरी कर्मी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोप की जांच कर रही है।
प्रेम कॉलोनी के रहने वाले कद्दाम ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह स्टील फैक्टरी में काम करता है। उनके पास कुछ दिन पहले डिश रिचार्ज कराने के लिए कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उन्हें कहा था कि वह ऑफर के तहत उनका डिश रिचार्ज कर देंगे। वह 340 रुपये में डिश रिचार्ज कराता था, जबकि उसने 269 रुपये में रिचार्ज करने की बात कही। जिस पर उसने फोन-पे से रिचार्ज कर लिया। फोन-पे से रिचार्ज करने के बाद जब रिचार्ज नहीं हुआ तो उसने दोबारा उन्हें कॉल की। इस पर उसने कहा कि फोन-पे में बात कर लेना। उनकी तरफ से गड़बड़ी हुई है। उसने उनका नंबर नहीं होने की बात कही तो उसने कहा कि ऑनलाइन साइट से नंबर मिल जाएगा। जिस पर उसने गूगल पर नंबर सर्च कर उस पर कॉल की तो व्यक्ति ने खुद को फोन-पे कंपनी का अधिकारी बताया। उसने झांसे में लेकर उसके ओटीपी पूछ लिए और चार बार में 99 हजार दो रुपये निकाल लिए। आरोपी ने 25 हजार, 30 हजार एक, 30 हजार एक व 14 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर लिए। जब उसे ठगी का पता लगा तो पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
डिश रिचार्ज नहीं होने पर पैसे वापस करने के नाम पर फैक्टरी कर्मी ने खाते से 99 हजार रुपये ट्रांसफर करने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।-इंस्पेक्टर रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली