सोनीपत। भीषण गर्मी के साथ सब्जियों और फलों के दाम भी आम आदमी का पसीना छुड़ा रहे हैं। प्याज के साथ आलू, टमाटर, नींबू व घीया के दाम आसमान छू रहे हैं। साथ ही अन्य सब्जियों के भी बढ़ते दामों से रसोई का बजट बिगड़ गया है। सब्जियों के दामों में 10 से 40 रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं मौसमी फलों के दामों भी गिरावट नहीं आ रही है। इसका कारण सब्जियों व फलों की कम आवक को माना जा रहा है।
गृहणियों का कहना है कि जहां खाद्य सामग्रियों के बढ़े हुए दामों ने उन्हें परेशान कर रखा है, वहीं सब्जी के बढ़ रहे दामों ने उनकी रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। अगर बढ़ती महंगाई का सिलसिला यूं ही चलता रहा तो सब्जियां आमजन की रसोई से दूर हाेने लगेगी। लगातार बढ़ रहे सब्जियों के दाम से लोग परेशान होने लगे हैं। इनका कहना है कि प्याज, आलू, टमाटर, मटर सहित सभी सब्जियों के दाम बढ़ने से घरों में सब्जी बनाना मुश्किल हो गया है। मंडी व दुकानों पर मनमाने दामों पर सब्जियां बेची जा रही हैं।
सब्जी मंडी के प्रधान ललित खत्री का कहना है कि इस बार मध्य प्रदेश व राजस्थान में पैदावार कम हुई। महाराष्ट्र के नासिक में ज्यादा बारिश से प्याज बर्बाद होने के चलते आवक कम हुई है। इसके चलते प्याज के दाम आए दिन बढ़ते जा रहे हैं। गर्मी के चलते मंडी में सब्जियों व फलों की आवक कम हो रही है। सब्जी व फल विक्रेताओं को मांग अनुसार माल कम मिल रहा है, जबकि मां ज्यादा है। इसके कारण मंडी में सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं।
गृहणियां बोली
सब्जी मंडी में 20 रुपये किलो मिलने वाला प्याज 40 रुपये किलो मिल रहा है। दोगुने दाम होने से प्याज का स्वाद लेना लोगों के बजट से बाहर हो चुका है। 30 रुपये किलो मिलने वाली घीया आज 80 रुपये किलो खाने को मजबूर हैं। सब्जियों के दाम बढ़ने के कारण खाने का स्वाद भी बिगड़ने लगा है।- कविता सिंगला, ककरोई चौक
सब्जियों के दाम आसमान पर होने से आमजन महंगाई की मार से त्रस्त है। सब्जियों के दाम में एकाएक उछाल से लोग सब्जियों को कम ही मात्रा में खरीदने पर मजबूर हैं। जहां पहले एक किलो सब्जी लेते थे, अब आधा किलो सब्जी में ही काम चलाना पड़ रहा है। सरकार को जनता के बारे में सोचना चाहिए।-मानवी, सिद्धार्थ एन्क्लेव
0
खाद्य सामग्री के साथ सब्जी और फलों में भी महंगाई की मार झेलनी पड़ रही थी। सब्जी के बढ़ रहे दामों से लोगों पर आर्थिक भार बढ़ता जा रहा है। महंगी सब्जी खरीदना लोगों के बस से बाहर हो चुका है। आलू, प्याज व टमाटर के दाम दो गुणा हो चुके हैं। पहले टमाटर 20 रुपये किलो मिल जाता था। अब 40 रुपये किलो टमाटर खरीदना पड़ रहा है।-प्राेमिला, शहजादपुर
0
शिकंजी की रेहड़ी लगाकर गुजर बसर कर रहे हैं। 15 दिन पहले सब्जी मंडी से 100 रुपये किलो नींबू मिल रहा था, जबकि अब 160 रुपये किलो खरीदना पड़ रहा है। दाम बढ़ने के साथ नींबू की क्वालिटी भी घट गई है। बड़ा नींबू खरीदने के लिए 180 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मंडी में अन्य सब्जियां भी महंगी होती जा रही हैं।-अनिल कुमार, सेक्टर-23
सब्जियों के भाव (रुपये प्रति किलो )
सब्जी अब-पहले
प्याज 40-20
आलू 40-20
मटर 150-100
टमाटर 40-20
फूलगोभी 80-60
घीया 80-40
तोरी 40-20
नींबू 160-100
करेला 60-40
भिंडी 60-40
शिमला मिर्च 100-60
खीरा 50-20
मूली 60-40
पेठा 40-15
अरवी 80-50
हरी मिर्च 80-60
फलों के भाव (रुपये प्रति किलो)
सेब 200-150
आम सफेदा 150-100
आम दसेहरी 120-100
तरबूज 20-15
केला 80-60 (दर्जन में)
खरबूजा 50-25
अनार 150-120
मौसमी 80-60
आडू 100-80
आलू बुखारा 200-200
नोट : सोनीपत सब्जी मंडी के रेट