संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी का 29 नवंबर को सोनीपत में पहुंचने पर अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष जनसंवाद भी करेंगे। कामी रोड स्थित रामलीला मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
रेलवे रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में मंगलवार सुबह सांसद रमेश कौशिक पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी, जिसके लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से गांव-गांव व शहर-शहर जाकर लोगों को बेहतरीन सुविधाएं व सेवाएं देने के साथ जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि आम जनमानस उनका फायदा उठा सकें।
सांसद रमेश कौशिक ने बताया कि संसदीय क्षेत्र में सडक़ों का जाल बिछाया गया है। एनसीआर प्लानिंग बोर्ड से विभिन्न मार्गों व आरओबी निर्माण की स्वीकृति दिलाई गई है, जिन पर करोड़ों रुपये खर्च कर लोगों को बेहतरीन सुविधाएं दी जाएगी। इनमें पानीपत से दिल्ली बॉर्डर तक कैनाल रोड का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है, जिस पर लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सोनीपत-गन्नौर रोड का निर्माण 25 करोड़ रुपये से करवाया जा रहा है। गन्नौर व खेड़ी मनाजात में दो आरओबी बनाए जाएंगे, जिन पर लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत आएगी। गन्नौर से शाहपुर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी शुरू करवाया जा रहा है, जिस पर करीब 1648.58 लाख रुपये खर्च होंगे।
एक सवाल के जवाब में सांसद कौशिक ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 में भाजपा पुन: सरकार बनाएगी। हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा जीत दर्ज करेगी। हरियाणा में निजी औद्योगिक इकाइयों में 75 प्रतिशत आरक्षण रद्द करने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय जा रही है। इस अवसर पर आजाद सिंह नेहरा, रविंद्र दिलावर, पुनीत राई, एक्सईएन पंकज गौड़ आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।