सोनीपत। तीन माह पहले पुत्र के जन्म लेने के साथ ही मन्नत पूरी होने पर परिवार के लोग तीर्थ स्थलों पर मत्था टेकने के लिए निकला था, लेकिन खुशियां ज्यादा नहीं टिक पाईं। गोहाना रोड स्थित करेवड़ी मोड़ पर सोमवार की सुबह हुए हादसे में परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। इसमें वह बच्चा भी शामिल है जिसके पैदा होने की मन्नत पूरा होने पर लोग दर्शन करने गए थे।
दिल्ली के शाहबाद डेयरी स्थित मुर्गा मार्केट क्षेत्र निवासी सत्य मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। उनकी शादी पूजा के साथ हुई थी। पूजा को सत्य से शादी के बाद पहले बेटी ढीलू, फिर दीपिका व उसके बाद चीकू हुई। एक के बाद एक तीन बेटियां होने पर परिवार ने बेटे के लिए मन्नत मांगी थी। साथ ही मन्नत पूरी होने पर बेटे को लेकर माता शीतला, माता सिंक पाथरी व बाबा बावरिया मंदिर में आने की बात कही थी। तीन माह पहले बेटे जिज्ञांश का जन्म होने के साथ ही घर में खुशियां छा गईं। परिवार ने जमकर जश्न मनाया था। वह खुशियां ज्यादा दिन तक परिवार के साथ नहीं रह सकी। मन्नत पूरी करने के लिए मां पूजा अपने नौनिहाल के साथ तीनों बेटियां, मां, बहन-बहनोई और तीन बच्चों को लेकर मत्था टेकने निकल पड़ी। हादसे में पूजा ने बेटे के साथ ही बेटी, मां व बहन को भी सदा के लिए खो दिया।
सत्य बोला रविवार को जाने से किया था मना
नागरिक अस्पताल में पहुंचे दो बच्चों को खोने वाले सत्य ने कहा कि उन्होंने रविवार को परिवार के सदस्यों को जाने से मना किया था। चालक धर्मबीर ने कहा कि उन्हें परिवार के साथ बाहर घूमने जाना है। ऐसे में फिर उनके पास समय नहीं रहेगा। वह रविवार को ही जा सकते हैं। जिस पर वह उनके साथ नहीं जा सके। सुबह सात बजे उन्हें हादसे का पता लगा।
मॉल में काम करता है अशोक : हादसे में पत्नी कविता को गंवाने वाले अशोक कुमार दिल्ली के मॉल में काम करते हैं। हादसे ने उनसे जहां पत्नी को छीन लिया, वहीं बेटे प्रिंस की हालत भी अभी स्थिर है।
धार्मिक स्थल से लौटते समय पहले भी हो चुके हैं हादसे
-5 सितंबर 2023 को केएमपी टोल प्लाजा के निकट गढ़ी बाला के पास हादसे में पिकअप सवार 15 श्रद्धालु घायल हुए थे। हादसा टायर फटने से हुआ था।
-2 अप्रैल 2023 को केएमपी पर गांव बढ़मलिक के पास पंक्चर हुई बस का टायर बदलते समय ट्रक की टक्कर से 15 श्रद्धालु घायल हो गए। वह यूपी के मेरठ से खाटू श्याम के दर्शन करने जा रहे थे।
-2 नवंबर 2020 को गांव पाई के पास राजस्थान से आ रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी अन्य वाहन से टकराई थी। इसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में 10 अन्य घायल हुए थे।