गोहाना। आदर्श नगर निवासी एक महिला ने रोडवेज विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी से कपड़े की दुकान करने के नाम पर नौ लाख रुपये उधार लिए। जब व्यक्ति ने तय समय के बाद रुपये वापस मांगे तो महिला ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए रुपये देने के मना कर दिया है। व्यक्ति ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि वह हरियाणा रोडवेज से उप- निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने 24 अगस्त 2022 को कपड़े की दुकान करने के लिए आदर्श नगर निवासी महिला को नौ लाख रुपये उधार दिए थे। मुनाफे में हिस्सेदारी करने पर सहमति बनी थी। महिला ने अब तक न तो रुपये दिए है और न ही मुनाफे का हिस्सा दिया है। जब रुपये वापस देने की बात कही तो महिला ने गाली गलौज व लड़ाई झगड़ा शुरू कर दिया। 01 नवंबर 2023 को महिला ने झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। मामले में महिला का बेटा दीपक भी शामिल है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने महिला समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- इंस्पेक्टर मोहन सिंह, प्रभारी, शहर थाना, गोहाना