खरखौदा। 17वीं सब जूनियर राज्यस्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों का प्रताप सिंह मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वागत किया गया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते थे। राज्यस्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता भिवानी के कलिंगा में आयोजित की गई थी। द्रोणाचार्य अवार्डी ओमप्रकाश दहिया ने बताया कि विद्यालय के चार खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण व दो कांस्य पदक जीते थे। प्रतियोगिता के लड़कियों के वर्ग में दीक्षा व जैसिका ने स्वर्ण पदक जीता था। साथ ही लड़कों में लोकेश व नैतिक ने कांस्य पदक जीता था। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बदौलत जैसिका व दीक्षा का चयन राष्ट्रीय शिविर के लिए किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। विद्यालय पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। विजेता खिलाड़ियों का प्राचार्य दया दहिया, नेटबाॅल प्रशिक्षक संसार दहिया, प्रशांत दहिया व ललित पाराशर ने बधाई दी।