फोटो :25: सोनीपत के गांव मलिकपुर-ग्यासपुर रोड पर युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर : गांव मलिकपुर-ग्यासपुर रोड पर युवक की हत्या कर शव रेत की खान में दबाने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने हथियार व बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसीपी गोरखपाल राणा ने बताया कि लाखन की हत्या के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। गांव मलिकपुर निवासी तुषार, शुभम, मोहित, रोहित व दिपांशु और रसूलपुर गांव निवासी गगन व अंकित को गिरफ्तार किया था। सातों आरोपियों ने शराब के नशे के हुई कहासुनी के बाद गांव घसौली के लाखन की गले व छाती में शराब की बोतल से हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद उन्होंने शव को मलिकपुर-ग्यासपुर रोड के पास बंद पड़ी रेत की खान में करीब 2 फुट गड्ढे में दबा दिया था।
खेत से घसीटते हुए ले गए थे लाखन का शव
एसीपी गोरखपाल राणा ने बताया कि आरोपियों ने लाखन की पहले बुरी तरह से पिटाई की। इसके बाद तुषार ने शराब की बोतल फोड़ कर लाखन की छाती व गले में घोंप दी। इस वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी लाखन के शव को खेतों व सड़क पर घसीटते हुए रेत की बंद पड़ी खान तक ले गए। खेतों व सड़क पर पुलिस को खून के निशान भी मिले हैं। इसके बाद उन्होंने लाखन के शव को गड्ढा खोद कर दबा दिया था।
कुत्तों ने भी नोचा था शव
लाखन की हत्या के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने उसके शव को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास भी किया, लेकिन उनकी माचिस नहीं जली। इसके बाद उन्होंने शव को गड्ढे में दबा दिया। गड्ढा खोदने के लिए आरोपियों ने खेत के कमरे का ताला तोड़ कर उसमें से फावड़ा चुराया था। शव को दबाने के बाद आरोपी अपने घर लौट गए, लेकिन इस बीच कुत्तों ने गड्ढा खोद कर लाखन के शव को बुरी तरह से नोच डाला।
मोबाइल नहीं हुआ बरामद
आरोपियों ने लाखन की हत्या के बाद उसकी बाइक, फावड़ा, हत्या में प्रयुक्त शराब की बोतल व उसके मोबाइल को ग्यासपुर गांव के जोहड़ में फेंक दिया था। पुलिस ने बाइक, फावड़ा व हत्या में प्रयुक्त शराब की बोतल को जोहड़ से निकलवा लिया, लेकिन जोहड़ में काफी पानी होने के चलते उसका मोबाइल बरामद नहीं कर पाई। पुलिस अब जोहड़ का पानी खाली करवा कर मोबाइल को बरामद करेगी।
फोटो 25: सोनीपत के गांव मलिकपुर-ग्यासपुर रोड पर युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस