गन्नौर। भोगीपुर गांव में फिरनी पर पेयजल सप्लाई 14 दिनों से ठप पड़ी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शिकायत करने पर भी पेयजल सप्लाई सामान्य नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वहीं गांव के सरपंच ने विभाग के जेई पर दुर्व्यवहार करने का आरोप भी लगाया है।
सरपंच सावन कुमार ने बताया कि विभाग के जेई से पाइप लाइन ठीक करने के बारे में बातचीत की तो उन्होंने अपशब्द कहे। उन्होंने कहा कि जेई हर बार उन्हें पेयजल सप्लाई सुचारू करने का आश्वासन दे देते हैं, लेकिन धरातल पर काम नहीं हो रहा। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग को चेताया कि यदि शुक्रवार तक पेयजल सप्लाई सुचारू नहीं हुई तो ग्रामीण प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीण अजमेर राठी, नान्हा, जोगेंद्र राठी, कृष्ण, दीपक शर्मा, नवी, कर्मबीर, ओमपति, प्रियंका व सुनील शर्मा ने बताया कि गांव की फिरनी के पास पिछले 14 दिनों से पानी सप्लाई नहीं हो रही है। पाइप लाइन में लीकेज होने की वजह से उनके घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही उनके लिए मुसीबत बन गई है। उन्होंने इस बारे में विधायक देवेंद्र कादियान से शिकायत की है।
वर्जन
भोगीपुर गांव में फिरनी के पास लगा सरकारी ट्यूबवेल ठप पड़ गया था। इसे बदलवा दिया गया था, लेकिन पानी का दबाव अधिक होने की वजह से पाइप लाइन में लीकेज हो गई। इसे ठीक करवा दिया गया है। अभी मोटर के स्टार्टर में दिक्कत है, कल तक उसे भी ठीक करवा कर पानी सप्लाई शुरू करवा दी जाएगी।-अंकुश मलिक, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, गन्नौर