सोनीपत। शहर के पश्चिमी (रेलवे लाइन पार) क्षेत्र में रहने वाले लोगों को गर्मी में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। यहां डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को 20 मिलियन लीटर रोजाना (एमएलडी) पानी की जरूरत है, लेकिन निगम के पास 14 एमएलडी पानी पश्चिमी यमुना लिंक नहर व दो एमएलडी निगम के पांच ट्यूबवेल से मिल रहा है। इसके अलावा 2 एमएलडी पानी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से खरीदा जा रहा है। ऐसे में पानी की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निगम प्रशासन को अभी और तैयारी करनी होगी। समय रहते पहल नहीं करने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा सकता है।
नगर निगम की ओर से गर्मी में पानी की बेहतर आपूर्ति करने का दावा किया जा रहा है। शहर के पूर्वी क्षेत्र में जाजल स्थित रेनीवेल से 40 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही है और कॉलोनियों में 70 ट्यूबवेल से भी 18 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही है। शहर में 53 हजार से ज्यादा पानी कनेक्शन हैं। इसके अतिरिक्त कुछ अवैध कनेक्शन भी चल रहे हैं। शहर के लोगों की मांग के अनुसार पेयजल मुहैया कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। निगम बनने से पहले शहर में पानी की आपूर्ति की व्यवस्था जनस्वास्थ्य विभाग करता था। निगम में 13 गांवों को भी शामिल किया गया है, लेकिन उसके हिसाब से पानी की आपूर्ति के लिए संसाधन नहीं बढ़ाए जा सके हैं। ऐसे में गर्मी में पारा बढ़ते ही पानी के लिए मारामारी शुरू हो जाती है।
इन कॉलोनियों में रहती है पेयजल की समस्या
शहर के न्यू मिशन कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी, विकास नगर, मालवीय नगर, वेस्ट रामनगर, शिव कॉलोनी, गढ़ी घसीटा, ककरोई रोड, कोट मोहल्ला, कलां मोहल्ला, मसद मोहल्ला, तारा नगर, डबल स्टोरी, पंचशील कॉलोनी, सुंदर सांवरी, न्यू महावीर कॉलोनी, सुदामा नगर, बाबा कॉलोनी, मोहन नगर, लक्ष्मण कॉलोनी में सबसे ज्यादा पेयजल समस्या बनी रहती है। इन कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति कम होने के कारण लोगों को परेशानी होती है।
डब्ल्यूटीपी चालू होने में अभी दो महीने और लगेंगे
सेक्टर-23 के पास 25 करोड़ रुपये से निर्मित जल शोधन प्लांट (डब्ल्यूटीपी) चालू होने में लोगों को दो माह और इंतजार करना पड़ेगा। इसके चालू होने से अकेले प्लांट से 15 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो सकेगी। पश्चिमी यमुना नहर से डब्ल्यूटीपी तक पानी पहुंचाने के लिए ककरोई रोड के साथ चार किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली जानी है। इसमें से 1200 मीटर लाइन डाले जाने का कार्य धीमा चल रहा है। ऐसे में निगमायुक्त ने ठेकेदार को जल्द से जल्द कार्य करने के निर्देश दिए है, इससे पश्चिमी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पेयजल किल्लत का सामना न करना पड़ेगा।
पानी आपूर्ति के लिए लगाए जाएंगे टैंकर
शहर के पश्चिमी क्षेत्र कॉलोनियों में हर गली तक पानी आपूर्ति के लिए नगर निगम की तरफ से टैंकर लगाए जाएंगे। निगम अधिकारी का दावा है कि गर्मी में जिस क्षेत्र में पानी की किल्लत बननी शुरू होगी, उस क्षेत्र में टैंकर से पानी पहुंचाया जाएगा। इस पर निगम आयुक्त की ओर से टैंकरों से पानी आपूर्ति करने की मंजूरी मिल चुकी है। नगर निगम की ओर से टैंकरों से पानी आपूर्ति की जाएगी। इसके बदले में नगर निगम की ओर से प्रति टैंकर पैसे अदा किए जाएंगे।
शहर के पूर्वी क्षेत्र में जाजल रेनीवेल से पानी की आपूर्ति ठीक हो रही है। वहीं पश्चिमी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति क्षमता के अनुसार कम हो रही है। ककरोई रोड के साथ पानी की लाइन डाले जाने का काम पूरा होने पर डब्ल्यूटीपी के चालू होने के बाद पश्चिमी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बेहतर हो सकेगी।
विशाल गर्ग, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, सोनीपत