खरखौदा। निकाय चुनाव को लेकर शहर के 16 वार्डों की मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 22 जनवरी को जारी संशोधित मतदाता सूची को लेकर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने दावे व आपत्तियां मांगी हैं, ताकि उन पर विचार किया जा सके। इसके लिए 8 फरवरी तक का समय निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार का कहना है कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 22 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। इसी मतदाता सूची के आधार पर खरखौदा नगरपालिका चुनाव को लेकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। सभी शहरी मतदाता 22 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें, अगर किसी का नाम इस मतदाता सूची से शामिल नहीं है तो वह मतदाता 29 जनवरी से 8 फरवरी तक वार्ड के हिसाब से अपने दावे एवं आपत्ति दर्ज करवा सकेंगे। दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई के बाद 9 फरवरी को वार्ड के हिसाब से ही मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद किसी प्रकार की आपत्ति व दावे पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष 27 फरवरी को रखे जाएंगे।
मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 18 मार्च को :
उन्होंने बताया कि नागरिक यदि दावे एवं आपत्ति दूर करने से संतुष्ट नहीं होता है तो वह 1 मार्च को उपायुक्त के समक्ष अपील कर सकता है। 9 मार्च को दावे व आपत्तियों का निपटारा करने के बाद 18 मार्च को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। उपायुक्त ने दावों व आपत्तियों की सुनवाई के लिए एसडीएम खरखौदा को संशोधन प्राधिकारी व तहसीलदार खरखौदा को सहायक संशोधन प्राधिकारी नियुक्त किया है।