संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के सह-संचालन में विद्यार्थी संवाद का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता विवि की कुलपति प्रो. अर्चना मिश्रा ने की। मुख्यातिथि जिला संघ संचालक डॉ. मनोज राय व विशिष्ट अतिथि स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत पूर्णकालिक कुलदीप पूनिया रहे। मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच के संगठक कश्मीरी लाल रहे।
मुख्यातिथि डॉ. मनोज राय ने कहा कि लोकतंत्र को साकार रूप देने के लिए युवाओं को शत-प्रतिशत मतदान करना चाहिए। कुलपति प्रो. अर्चना मिश्रा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र में मजबूत लोकतंत्र के लिए लोकमत के परिष्कार का महत्वपूर्ण योगदान होता है। सभी देशवासियों, खासकर युवाओं को इसके प्रति जागरूक होना चहिए। आज के आधुनिक युग में युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर खोजने चाहिए। मुख्य वक्ता कश्मीरी लाल ने कहा कि युवाओं को जातिगत एवं वंशवाद की राजनीति से ऊपर उठ कर लोकमत को परिष्कृत करना चाहिए। युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, देने वाला बनना चाहिए, ताकि आत्म निर्भर भारत का सपना साकार हो सके। कुलदीप पूनिया ने कहा कि स्वरोजगार से भारत सुपर पावर बनेगा और भारत का पुनः सोने की चिड़िया बनने का सपना साकार होगा।
डीन अकादमिक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. आशुतोष ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को जागरूक करने में कारगर साबित होगा। मंच संचालन डॉ. अमित गुलेरिया ने किया। अंत में कुलपति प्रो. अर्चना मिश्रा ने अतिथियों का तुलसी पौधा एवं स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर विवि के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक वर्ग, विद्यार्थी व अन्य मौजूद रहे।