हरियाणा के सोनीपत में परिवार पहचान पत्र में आय गलत दर्ज किए जाने के कारण बीपीएल कार्ड कटने के विरोध में ग्रामीणों ने लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र गौतम व जिला पार्षद संजय बड़वासनी के नेतृत्व में काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
उन्होंने सरकार व प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस पर तहसीलदार ने दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर पांच दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वह आमरण अनशन शुरू कर देंगे।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि कर्मचारियों की लापरवाही के कारण परिवार पहचान पत्रों में 2 से 6 माह के नौनिहालों की आय भी कई लाख रुपये दिखाई गई है। आय गलत दर्ज किए जाने के कारण पात्र लोगों के बीपीएल कार्ड भी काट दिए गए हैं। इसके साथ ही साधन संपन्न परिवारों को बीपीएल श्रेणी में रखा गया है। प्रशासन की लापरवाही के कारण आम आदमी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं और उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
जिसके कारण जनता में सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष है। साथ ही यह कहा कि अगर पांच दिन में प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की तो जिला पार्षद संजय बड़वासनिया व आप के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गौतम आमरण अनशन पर बैठेंगे। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार में आम आदमी की कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है।
भाजपा सरकार की गलत नीतियों का आम जनता लगातार परेशान हो रही। बीपीएल परिवारों के साथ शोषण नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान मोहाना, गुहणा, ठरू, उल्देपुर, सांदल कलां, खिजरपुर जट माजरा, जुआं समेत कई गांव के लोग शामिल रहे। इनमें प्रदीप, अंकित, राजबीर, संदीप, सुरेश, जगमिंद्र, ओमवती, धर्मेंद्र, ललिता, कलावती, सुखबीर, रमेश, दयाचंद, सुरेंद्र, महावीर, जगमिंद्र, ललिता, सविता , सुमित्रा, इंद्रावती आदि मौजूद रहे।