फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: टायर फटने से गाड़ी पलटी, तीन घंटे अस्पताल के बाहर पड़े रहे घायल 15 श्रद्धालु

Wed, 06 Sep 2023 01:26 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो :04: केएमपी के निकट गढ़ी बाला के पास हाईवे किनारे गड्ढे में पलटी पिकअप बोलेरो गाड़ी। स्रोत
विज्ञापन
सोनीपत। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर गांव गढ़ी बाला टोल प्लाजा के पास सुबह साढ़े छह बजे बोलोरो पिकअप का टायर फट गया, जिससे गाड़ी दस फुट गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में गोगामेड़ी से लौट रहे उत्तर प्रदेश के संभल और मुरादाबाद जिले के 15 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया तो उन्हें प्राथमिक उपचार देकर एक्सरे के लिए बाहर भेजा गया। जानकारी नहीं होने की वजह से घायल उधर-उधर भटकने के बाद तीन घंटे तक अस्पताल में पेड़ों के नीचे पड़े रहे।
विज्ञापन


संभल के गांव नुकंदी सराय निवासी आकाश सैनी ने बताया कि वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ 1 सितंबर को राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी दर्शन करने गए थे। वहां से वह सोमवार देर रात में पिकअप गाड़ी से घर लौट रहे थे। गाड़ी में 30 लोग सवार थे, जिनमें छह बच्चे थे। जब वे केएमपी पर गढ़ी बाला टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो सुबह साढ़े छह बजे गाड़ी का टायर फट गया। गाड़ी सड़क के किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में दिनेश, उनकी पत्नी सुमन, परिवार की सुनीता, नीशु, ममता, आशा, रामवती, सरोज, कृष्ण, साहिल व जयपाल तथा दिनेश की बुआ मुरादाबाद के सरिता नगर की रामदुलारी, उनके परिवार से पूजा, मधु, मधु के पति नवलकिशोर घायल हो गए। सभी घायलों को राहगीरों की मदद से नागरिक अस्पताल सोनीपत लाया गया, जहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

एक्स-रे के नाम पर भेजा बाहर, भटकते रहे

आकाश ने बताया कि घायलों को अस्पताल लेकर आए तो उन्हें प्राथमिक उपचार देकर करीब नौ बजे एक्स-रे करवाने के लिए लिखा गया। घायल एक्स-रे करवाने गए तो पता चला कि मशीन खराब है। उन्हें बाहर से एक्स-रे करवाने के लिए कहा गया। इस पर सभी घायल इधर-उधर भटक कर वापस आपातकालीन कक्ष में पहुंच गए। जहां उन्हें कुछ देर रोकने के बाद बाहर भेज दिया गया। इस पर वह अस्पताल परिसर में पेड़ के नीचे जाकर लेट गए। हादसे में रामदुलारी को ज्यादा चोट लगने के कारण उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था। परिजनों ने उन्हें भी बाहर लिटाया हुआ था। इसी दौरान पत्रकारों ने पहुंच कर उनसे बातचीत की और प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) से संपर्क किया। पीएमओ डॉ. लोकवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायलों से बातचीत की, मगर उन्होंने दोबारा से अस्पताल में जाने से मना कर दिया। उनका कहना था कि अब उनकी गाड़ी आने वाली है। जिसके बाद करीब साढ़े 12 बजे वह अपने घर के लिए निकल गए।
विज्ञापन


पीएमओ ने बनाई दो सदस्यीय जांच कमेटी

पीएमओ ने बताया कि मामले की जांच के लिए दो चिकित्सकों की टीम बनाई है। जिसमें उप चिकित्सा अधीक्षक (डीएमएस) डॉ. गिन्नी लांबा व रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) डॉ. राकेश फोगाट को शामिल किया गया। वह जांच कर बताएंगे कि किसी स्वास्थ्यकर्मी या अधिकारी की इसमें लापरवाही है या नहीं। अगर किसी की लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।

डिवाइडर तोड़कर 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरी गाड़ी

आकाश ने बताया कि गाड़ी का टायर फटने पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी डिवाइडर को तोड़कर 10 फीट गहरे गड्ढे में जाकर पलट गया। हादसे के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया।

वर्जन

हादसा गाड़ी का टायर फटने के चलते हुआ है। कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ऋषिकांत, थाना प्रभारी, कुंडली।

फोटो :04: केएमपी के निकट गढ़ी बाला के पास हाईवे किनारे गड्ढे में पलटी पिकअप बोलेरो गाड़ी। स्रोत

फोटो :04: केएमपी के निकट गढ़ी बाला के पास हाईवे किनारे गड्ढे में पलटी पिकअप बोलेरो गाड़ी। स्रोत

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें