फोटो 14- सोनीपत नगर निगम की ओर से चार पहिया वाहन चालकों के लिए तैयार किया गया वैकल्पिक मार्ग का
सोनीपत। नगर निगम की ओर से सब्जी मंडी के रास्ते वाया कामी रोड गन्नौर को जाने वाले मार्ग पर निर्माण कार्य करवाया जाएगा। निर्माण कार्य के चलते गन्नौर रोड पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहेगा। ऐसे में नगर निगम की ओर से 16 दिन के लिए रोड ब्लाॅक लिया जा रहा है। निगम ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग का नक्शा तैयार किया है, ताकि उन्हें आवागमन में परेशानी न झेलनी पड़े।
नगर निगम के आयुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि वाहन चालकों के सुगम आवागमन को लेकर सब्जी मंडी सैन धर्मशाला के सामने से बाबा धाम स्थित ज्योतिभा फुले चौक के साथ लगते गन्नौर रोड पर करीब 100 फुट टुकड़े का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। इस निर्माण कार्य को 29 अगस्त वीरवार से शुरू करवाया जा रहा है। इसके चलते 16 दिन तक गन्नौर रोड पर मार्ग बंद रहेगा। ऐसे में वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग से अपनी यात्रा कर सकते हैं।
इसके तहत दोपहिया वाहन चालक बाबा धाम के पास गली संख्या दो से गोशाला रोड होते हुए सीधे गन्नौर रोड पर निकल सकेंगे। वहीं, चार पहिया वाहन चालक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने सड़क से खिजर मकबरा, साउथ प्वाइंट शिक्षण संस्थान व सोनीपत बाईपास रोड होते हुए गन्नौर में प्रवेश कर सकेंगे। नगर निगम ने 13 सितंबर तक निर्माण कार्य को पूरा करवाने का लक्ष्य रखा है।