हरियाणा के सोनीपत के कुंडली क्षेत्र के प्याऊ मनियारी स्थित गली में रखे मोबाइल ट्रांसफार्मर के पास गिरकर फैक्टरी कर्मी की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को उठाने का प्रयास किया तो साथियों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि करंट लगने से मौत हुई है।
करीब दो घंटे तक समझाने के बाद साथी शव को उठाने देने के लिए तैयार हुए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि बिजली निगम का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।
यूपी के जिला शाहजहांपुर के गांव पंचम नाबडिया निवासी अमरपाल सिंह (39) प्याऊ मनियारी में किराये के मकान में रहता है। वह प्याऊ मनियारी के पास स्थित पाउडर फैक्टरी में काम करते थे। वह यहां पर साथियों के साथ रहते थे। उनकी पत्नी का निधन हो चुका है और दो बच्चे हैं जो गांव में रहते हैं। साथियों ने बताया कि वह सुबह फैक्टरी से घर की तरफ जा रहा था।
जब वह प्याऊ मनियारी की गली में पहुंचा तो बारिश के कारण फैले कीचड़ की वजह से गिर गया। उसका शरीर गली में रखे मोबाइल ट्रासंफार्मर की जाली से छू गया। अचानक जाली में आए करंट के कारण उसकी मौत हो गई। उसके बाद वहां काफी लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने बिजली निगम के खिलाफ रोष जताना शुरू कर दिया।
काफी देर हंगामा करने के बाद पुलिस व बिजली निगम की टीम पहुंची तो उन्होंने शव नहीं उठाने दिया। वह मृतक के परिजनों को मुआवजा देने व लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। काफी देर तक हंगामा और बहस करने के बाद पुलिस ने उन्हें जांच कर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिस पर करीब दो घंटे बाद शव को उठाया जा सका। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया।
मां के बाद पिता का साया भी उठा
अमरपाल के एक बेटा व एक बेटी हैं। उसकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। अमरपाल के निधन से उसके बेटा-बेटी के सिर पर पिता का भी साया उठ गया है।
मोबाइल ट्रांसफार्मर के पास गिरने से मजदूर की मौत हुई है। घटना के समय कुंडली फीडर की बिजली सप्लाई बंद थी। ऐसे में मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट व विसरा रिपोर्ट में लग सकेगा।
-संदीप जैन, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम
प्याऊ मनियारी में मोबाइल ट्रांसफार्मर के पास से निकलते हुए गिरने से मजदूर की मौत हो गई। बताया गया है कि उसे करंट लगा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का पता लग पाएगा।
-एसआई शमशेर सिंह, जांच अधिकारी, थाना कुंडली।