खरखौदा। शहर के बिजलीघर में आने वाली मुख्य बिजली लाइन के आग की चपेट में आने से सोमवार आधी रात लोगों को बगैर बिजली के गुजारनी पड़ी। रात 12 बजकर 50 मिनट पर शहर में बिजली आपूर्ति को बहाल किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी के नीचे से आने वाली बिजली की केबल खेतों में लगी आग के चपेट में आ गई। इससे बिजली लाइन में फाल्ट आ गया और शाम 6:25 बजे बिजली गुल हुई थी।
सोनीपत मार्ग पर ड्रेन नंबर आठ के पास 132केवी सब स्टेशन से खरखौदा शहर के 33 केवी सब-स्टेशन को बिजली मुहैया करवाई जाती है। राष्ट्रीय राजमार्ग 33बी का निर्माण होने के चलते बिजली लाइन को भूमिगत कर रखा है। सोमवार शाम सोनीपत मार्ग पर स्थित खेतों में अज्ञात कारणों से लगी भूमिगत बिजली लाइन तक पहुंच गई। कुछ ही देर में बिजली लाइन की ऊपर की लेयर जल गई और बिजली लाइन में फाल्ट आ गया। इतना ही नहीं आसपास रखे सीमेंटेड ब्लाॅक भी आग की चपेट में आने से गर्म हो गए, इससे बिजली लाइन का ऊपरी प्लास्टिक का खोल पिघल गया। सूचना पाकर कनिष्ठ अभियंता इकबाल व रणधीर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोडर मशीन से खोदाई करवाकर सड़क के नीचे से खराब हुई बिजली लाइन को निकलवाया गया। इसके बाद लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू हुआ। शाम 6 बजकर 25 मिनट पर गुल हुई शहर की बत्ती रात 12 बजकर 50 मिनट पर ही बहाल हो पाई। इसके चलते शहर वासियों को साढ़े छह घंटे बगैर बिजली के बिताने पड़े। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।