सोनीपत में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई और एक घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची सेक्टर-27 व कुंडली थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में दूसरी बाइक सवार युवक की मौत, भाई चोटिल
मूलरूप से पंजाब के पटियाला स्थित राजपुर फिलहाल बंदेपुर निवासी लोकेश ने सेक्टर-27 थाना पुलिस का बताया कि वह अपने भाई ज्ञानइंदर व मां के साथ बाइक पर सवार होकर राठधना रोड की तरफ जा रहे थे। उन्होंने पुल के पास अपनी मां को उतार दिया था। उसके बाद दोनों भाई राठधना की तरफ नेशनल हाईवे-334बी के पास पहुंचे तो इसी दौरान अवैध कट से एक बाइक सवार सड़क पर आ गया।
उसने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान पीछे से आए ट्राला ने उनके भाई को कुचल दिया। जिससे उनके भाई की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने लोकेश के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुंडली में जीटी रोड फ्लाईओवर के पास हादसे में मजदूर की गई जान
दूसरे मामले में कुंडली फ्लाईओवर के पास वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर के गांव रामपुर निवासी प्रेमचंद ने बताया कि उनके छोटे भाई राजेंद्र कुंडली में रहकर मजदूरी करते थे। वह रात सवा 12 बजे कुंडली के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान किसी वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में उनके भाई की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने प्रेमचंद के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।