गोहाना। खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह (बीपीएस) महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तीन में से दो एक्स-रे मशीनें खराब हैं। सिर्फ एक मशीन से ही मरीजों के एक्स-रे किए जा रहे हैं। ऐसे में मरीजों को एक्स-रे कराने के लिए कतार में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। नंबर नहीं आने पर कुछ मरीज बिना एक्स-रे कराए ही लौट रहे हैं। मरीजों की मांग है कि मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में जल्द से जल्द एक्स-रे मशीन ठीक कराई जाए, ताकि उनके एक्स-रे समय पर हो सके।
बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज में रोजाना 2000 से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। जिन मरीजों के इलाज के लिए एक्स-रे अनिवार्य होते हैं, चिकित्सक उन्हें एक्स-रे कराने की सलाह देते हैं। जब मरीज एक्स-रे वार्ड में पहुंचते हैं तो उन्हें एक्स-रे की एक ही मशीन चालू मिलती है और मरीज एक्स-रे के लिए कई घंटे तक लाइनों में इंतजार करते रहते हैं। ऐसे में रोजाना केवल एक मशीन पर 100 से 120 मरीजों के ही एक्स-रे किए जा रहे थे। पहले तीन मशीन चालू होने पर रोजाना 150-200 मरीजों के एक्स-रे किए जाते थे। अब मरीजों की परेशानी बढ़ी हुई है।
- एक्स-रे कराने के लिए मेडिकल कॉलेज में दो दिन से चक्कर काट रहा हूं। भीड़ ज्यादा होने के कारण शाम तक एक्स-रे कराने का नंबर नहीं आता है। सुबह से लाइन में बैठा हुआ हूं। सरकार की ओर से एक्स-रे मशीनों को ठीक किया जाना चाहिए।-रामचंद्र, जांटी कलां।
-चिकित्सक ने छाती के एक्स-रे कराने की सलाह दी है। सुबह 9 बजे से लाइन में बैठा हुआ हूं। एक्स-रे के लिए लंबी लाइन लगी है। निजी अस्पतालों में एक्स-रे के तीन से चार सौ रुपये मांग रहे हैं।-उज्ज्वल, पुरखास।
वर्जन
रेडियोलॉजी विभाग की एक्स-रे मशीनों में तकनीकी खराबी आई है। इंजीनियर बुलाने के लिए कंपनी को पत्र लिखा है। जल्द ही एक्स-रे की मशीन ठीक करा दी जाएगी। एक्स-रे की नई मशीन की मांग भी मुख्यालय में भेजी गई है।-डॉ. धीरज, चिकित्सा अधीक्षक, बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां।