सोनीपत/गोहाना। बेखौफ झपटमारों ने दो महिलाओं के गले से सोने की चेन झपट ली और गोहाना में महिला का 15 हजार रुपये से भरा पर्स छीन लिया। संबंधित थानों की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है ।
सेक्टर-12 की रहने वाली अंचल गोयल ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह शनिवार शाम को सैर पर निकली थीं। साढ़े छह बजे जब वह घर लौट रही थीं तो बाइक सवार युवक ने उनकी चेन छीन ली और फरार हो गया। उन्होंने शोर मचाया मगर वह भागने में कामयाब रहा। उन्होंने रेलवे में अधिकारी अपने पति राकेश गोयल व अन्य परिजनों को मामले से अवगत कराया। पीड़ित की शिकायत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं मूलरूप से राजस्थान के जिला जोधपुर के गांव पाली फिलहाल सेक्टर-15 निवासी सोनू बंजारा ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह शनिवार देर शाम पौने सात बजे अपने घर के सामने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने उनकी सोने की चेन झपट ली। महिला ने बताया कि युवक ने हेलमेट लगा रखा था। उन्होंने अपने इंजीनियर पति महेश बंजारा को मामले की सूचना दी। मामले में सेक्टर-27 थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है ।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
दो महिलाओं के साथ हुई झपटमारी के बाद पुलिस टीम झपटमारों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। जल्द ही मामलों का पटाक्षेप किया जाएगा।
-
महिला के हाथ से पर्स झपटा
गोहाना के लक्ष्मी नगर निवासी कमलेश ने गोहाना सिटी थाना में शिकायत दी कि वह शनिवार शाम को जींद रोड गोहाना स्थित सत्संग भवन से बरोदा रोड पर पहुंची तो एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए और पीछे बैठे युवक ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया। उनके पर्स में 15 हजार रुपये थे। सिटी गोहाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द झपटमारों का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लगातार सामने आ रही झपटमारी की वारदात
5 अप्रैल को सेक्टर-15 में शिक्षिका के गले से सोने की चेन झपटी।
5 अप्रैल को महलाना चौक के पास गृहिणी के गले से सोने की चेन झपटी।
7 मार्च को बावरिया मंदिर मुरथल में आई महिला के गले से सोने की चेन झपटी
8 मार्च को महाराणा प्रताप चौक पर महिला के गले से चेन झपटी।
14 फरवरी को सेक्टर-14 मार्केट में बुजुर्ग के गले से चेन झपटी
19 अक्तूबर, 2022 को गन्नौर मार्केट में ई-रिक्शा सवार महिला के गले से सोने की चेन झपटी
22 अगस्त, 2022 को दयाल चौक के पास बाइक सवार झपटमारों ने रेलवे के सेवानिवृत्त अधिकारी की पत्नी के गले से चेन झपटी
9 अगस्त, 2022 को सीआईएसएफ के एसआई की पत्नी की चेन झपटी
1 अगस्त, 2022 को गाय को रोटी देने जा रही महिला की चेन झपटी
28 जुलाई, 2022 को ओल्ड डीसी रोड पर महिला के गले से चेन झपटी
23 जुलाई, 2022 को जीवीएम के सामने महिला के गले से चेन झपटी
8 जुलाई, 2022 को कच्चे क्वार्टर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के गले से चेन झपटी