फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज रफ्तार का कहर: अनियंत्रित कार ने दो सगी बहनों को कुचला, युवक व ई-रिक्शा चालक घायल

Mon, 17 Feb 2020 08:48 PM IST
रोहतक ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कुंडली (सोनीपत)
विज्ञापन
मुस्कान व शीनू का फाइल फोटो
विज्ञापन

प्याऊ मनियारी से नरेला रोड पर एक अनियंत्रित कार चालक ने दो सगी बहनों समेत चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में दोनों बहनों की मौत हो गई और युवक व ई-रिक्शा चालक को गंभीर हालत में नरेला के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। चारों को कुचलने के बाद कार चालक ने बिजली के खंभे में टक्कर मारकर उसे भी गिरा दिया।

विज्ञापन


हादसे के बाद चालक की लोगों ने पकड़कर पिटाई भी की। हालांकि बाद में वह छुड़ाकर भाग गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दिल्ली के आंबेडकर अस्पताल में दोनों बहनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मूलरूप से यूपी के जिला ओरैया के गांव बाबरपुर के रहने वाले नईम ने कुंडली पुलिस को बताया कि वह फिलहाल प्याऊ मनियारी में किराए पर रहता है। उसकी भांजियां मुस्कान (25) और शीनू (27) भी उसके पास ही किराए पर रहती थीं। वह कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में नौकरी करती थीं। दोनों बहनों को अपने गांव बाबरपुर जाना था। इसके लिए रविवार शाम को दोनों उसके साथ नरेला ट्रेन की टिकट की बुकिंग कराने जा रही थी।

 

विज्ञापन

वे तीनों प्याऊ मनियारी रोड पर वाहन का इंतजार कर रहे थे कि इसी दौरान एक टैक्सी नंबर स्विफ्ट डिजायर कार चालक तेज रफ्तार में आया और उसकी भांजियों को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी भांजियां गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने लगा और उसने एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा सवार प्याऊ मनियारी निवासी प्रभुराम व नरेला के स्वतंत्र नगर निवासी प्रिंस भी घायल हो गए। बाद में चालक ने बिजली के खंभे को टक्कर मारकर गिरा दिया।

हादसे में बिजली का खंभा भी टूट गया। उसने राहगीरों की मदद से अपनी भांजियों को नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में दाखिल कराया, जहां चिकित्सकों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। जबकि शीनू को गंभीर हालत में दिल्ली के आंबेडकर अस्पताल में रेफर कर दिया।

वहां देर रात शीनू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल प्रभुराम व प्रिंस को भी नरेला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद राहगीरों ने कार चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। हालांकि बाद में वह फरार हो गया।

सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शवों को कब्जे मेें ले लिया। दोनों शवों को दिल्ली के अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने नईम के बयान पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 
विज्ञापन

घर का गुजर बसर करने के लिए चार साल से मामा के पास रहकर कर रही थी नौकरी

हादसे का शिकार हुई मुस्कान व शीनू परिवार के गुजर बसर के लिए प्याऊ मनियारी स्थित मामा के पास रहकर फैक्टरी में नौकरी करती थी। मुस्कान व शीनू की तीन अन्य बहन व दो भाई हैं। परिवार का गुजर-बसर सही तरीके से चलाने के लिए दोनों नौकरी करने आ गई थी। दोनों बहन कुंडली स्थित चार्जर व डाटा केबल बनाने वाली कंपनी में काम करती थी।

मां के बुलाने पर घर जाने के लिए टिकट बुकिंग कराने जा रही थी नरेला
युवतियों के मामा नईम ने बताया कि उसकी बहन ने दोनों बेटियों से बात की थी। जिस पर दोनों बहन अपनी मां से मिलने जाने वाली थी। इसके लिए उन्होंने कंपनी से दस दिन की छुट्टी ली थी। वे रविवार शाम को उसके साथ अपने घर जाने के लिए नरेला रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग कराने जा रही थी। हालांकि वह नरेला भी नहीं पहुंच पाई और एक हादसे ने दोनों बहनों की जान ले ली।

कार सवार ने दो बहनों समेत चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो बहनों की मौत हो गई। कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी कार चालक फरार है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। - नरेश कुमार, जांच अधिकारी, थाना कुंडली।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें