सोनीपत। चोरों ने अलग-अलग स्थानों से दो स्कूटी, बाइक व तीन ट्रालियां चोरी कर ले गए। पीड़ितों के बयान पर बहालगढ़, सिविल लाइन व बड़ी थाना पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम मामलों की जांच कर रही है।
केस एक लिफ्ट लेकर आया चोरी कर ले गया बाइक
लिफ्ट लेने के बाद चोर बाइक चोरी कर ले गये। उत्तर प्रदेश में बागपत के गांव अलावलपुर निवासी अभिषेक ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह गांव से दीपालपुर जा रहे थे। रास्ते में एक युवक ने उनसे लिफ्ट ली थी। युवक ने उनसे गांव के सैलून में जाने की बात कही थी। वह उसे बाइक पर लेकर गांव दीपालपुर पहुंचे। दुकान पर पहुंचते ही युवक बाहर से ही आवाज देकर बोला कि कौन सा बाल कटिंग करेगा। वह भी बाइक से उतरकर दुकान में आ गए। वह चाबी बाइक में छोड़कर दुकान में चले गए। इस दौरान युवक बाइक चोरी कर ले गया।
केस दो
तूड़े से भरी ट्राली ले गए चोर
बहालगढ़ से चोर तूड़े से भरी ट्राली चोरी कर ले गए। कपड़ा मार्केट सोनीपत निवासी प्रदीप ने बताया कि वह तूड़े का व्यापार करते हैं। उन्होंने अपनी ट्राली को गांव खेवड़ा पुल के नीचे खड़ा किया था। चोर उनकी ट्राली ले गए। बहालगढ़ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
केस तीन
स्कूटी ले गए चोर
डबल स्टोरी निवासी अजय शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी स्कूटी को रात को घर के बाहर खड़ा किया था। जहां से चोर चोरी कर ले गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
केस चार
कच्चे क्वार्टर से महिला की स्कूटी चोरी
सोनीपत निवासी गीता ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह खरीदारी को कच्चे क्वार्टर में आई थी। स्कूटी को खड़ी कर खरीदारी करने चली गई। वापस आई तो स्कूटी चोरी मिली।
केस पांच
दो ट्राली ले गए चोर
गांव बड़ौत के पास स्थित खेत से चोर किसान की दो ट्राली चोरी कर ले गए। किसान शंभू के बयान पर बड़ी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।