सोनीपत शहर में एक बूस्टिंग स्टेशन पर निरीक्षण करने पहुंचे मेयर निखिल मदान, साथ में निगम पार्षद
सोनीपत। मेयर निखिल मदान ने सोमवार को शहर के विभिन्न बूस्टिंग स्टेशनों पर औचक निरीक्षण किया और मौके पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। सबसे पहले मेयर वार्ड नंबर 2 में बूस्टिंग स्टेशन पर पहुंचे।
स्थानीय निगम पार्षद सुरेंद्र नैय्यर सहित सुदामा नगर और धानक बस्ती के लोग मौजूद रहे। स्थानीय निवासी अशोक शर्मा ने बताया कि दो दिन से उनके यहां मिट्टी युक्त पानी की आपूर्ति हो रही थी। शिकायत करने के बाद सोमवार सुबह पानी साफ आया। मेयर निखिल मदान ने बताया कि मुखी अस्पताल के पास बने 2.5 एमएलडी क्षमता वाले टैंक में जाजल रैनीवेल से पेयजल आपूर्ति होती है। जिसमें एक पाइपलाइन लीक होने से मिट्टी का पानी आ रहा था जो अब ठीक कर दिया गया है। इसके बाद मेयर वार्ड नंबर-5 के हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी में बूस्टिंग स्टेशन पर पहुंचे। यहां क्रमानुसार 2-2 मोटर चलाई जाती है, लेकिन सोमवार को निरीक्षण में दो मोटर नहीं चल पाई। उन्होंने खुद मोटरों को चलाकर देखा है। मेयर निखिल मदान ने मोटरों के ना चलने पर मौके पर मौजूद एजेंसी सुपरवाइजर और कर्मचारी को फटकार लगाई और दोनों मोटर ठीक करने के आदेश दिए। मेयर ने कहा कि अगले सप्ताह वह खुद मौके पर जाकर सभी बूस्टिंग स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान राजकुमार, जितेंद्र, पवन, हिमांशु, अशोक शर्मा, कुलदीप वत्स भी मौजूद रहे।