गन्नौर। हरिनगर काॅलोनी निवासी एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो भाइयों व उनकी दुकान पर कार्यरत कारीगर के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने अस्पताल जाते समय भी उनका पीछा किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घायल ने मामले की शिकायत गन्नौर थाना पुलिस ने दी।
शिकायत में बाय रोड निवासी धर्मदास ने बताया कि उनके छोटे भाई कपिल 25 अगस्त को दूध, पनीर की सप्लाई देकर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में कॉलोनी के ही विक्रम ने उनके भाई के सामने गाड़ी लगा दी और जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद विक्रम उन्हें मलिक धर्म कांटा के सामने मिला तो विक्रम उनके साथ मारपीट कर भाग गया। इसके बाद वह अस्पताल में गए। इस बीच विक्रम 3-4 लोगों के साथ उनकी दुकान पर आया और दुकान पर कारीगर बजरंगी के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। जब उनका भाई कपिल बजरंगी को लेकर अस्पताल जाने लगा तो विक्रम ने नई अनाज मंडी के सामने कपिल के साथ भी मारपीट कर दी। आरोप है कि अस्पताल जाते समय विक्रम ने उनका पीछा कर उन्हें फिर से जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने धर्मदास की शिकायत पर आरोपी विक्रम व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।