संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मामा भांजा चौक के पास मसद मोहल्ला में बाइक सवार दो झपटमार एक युवक का मोबाइल झपटकर भाग गए। पीड़ित काम के सिलसिले में मसद मोहल्ला गया था। पीड़ित के बयान पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
चार मरला स्थित हनुमान मंदिर के पास रहने वाले बीर दत्त ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार रात को काम के सिलसिले में से मसद मोहल्ला आए थे। जब वह मामा-भांजा चौक की तरफ जा रहे थे तो मोबाइल पर कॉल आ गई। इस पर वह बातचीत करते हुए चलने लगे। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवक उनके पास आए और मोबाइल झपट ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जाएगी। झपटमारों का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।