संवाद न्यूज एजेंसी
राई। गांव भिगान स्थित मुरथल टोल प्लाजा पर रोके जाने के बाद कर्मियों से मारपीट, बूम तोड़ने व लूटपाट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पांच हजार का इनामी गांव किलोहड़द निवासी साहिल व उसका साथी अनिल विहार निवासी वरुण हैं। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में दो आरोपियों को पहले काबू कर चुकी है।
पंजाब के जिला होशियारपुर क्षेत्र निवासी दीदार सिंह ने 28 जनवरी को पुलिस को बताया था कि वह नेशनल हाईवे-44 स्थित भिगान टोल पर आठ माह से मैनेजर हैं। रात को सवा एक बजे दिल्ली से पानीपत लेन नंबर-14 पर टोल कर्मी निशांत तैनात थे। इसी दौरान एक आई-10 कार उस पर लेन पर पहुंची थी। कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी और उसमें पांच युवक सवार थे। कार से एक युवक उतरकर नीचे आया था और टोल ले रहे निशांत को बोला था कि गाड़ी में अंकित रिढाऊ बैठा है। बूम को हटा लें।
निशांत ने टोल देने को कहा था तो युवक ने धमकी दी थी कि बूम हटा लें, नहीं तो तेरी खोपड़ी तोड़ देंगे। बाद में अंकित रिढाऊ पिस्तौल लेकर आया था। उसने पिस्तौल से बूथ के दरवाजे के शीशे को तोड़ दिए थे और निशांत की पिटाई कर दी थी। अन्य कर्मियों को भी पीटा था। अंकित ने नितिन की कनपटी पर पिस्तौल अड़ाकर 2300 रुपये लूट लिए थे। पांच मिनट बाद वापस आकर फिर से कर्मियों से मारपीट की थी। पुलिस ने बाद में अंकित रिढाऊ व भूपेंद्र को पहले काबू कर लिया था।
अब एएसआई पवन कुमार की टीम ने आरोपी साहिल व वरुण को गिरफ्तार किया है। आरोपी साहिल की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम था। दोनों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।