सोनीपत में ओल्ड डीसी रोड पर दीपक मंदिर के पास झगड़े में युवक की पीटकर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार आरोपी कच्चे क्वार्टर निवासी गीतेश उर्फ गीतू और कोट मोहल्ला निवासी कपिल है।
आठ मरला निवासी अनिल ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया था कि 26 फरवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे चार मरला निवासी अपने साथी कमल (35) के साथ ओल्ड डीसी रोड से सुभाष चौक की ओर जा रहे थे। ओल्ड डीसी रोड पर मुखी टेंट हाउस के पास कमल के मौसेरे भाई चार मरला निवासी पवन उर्फ टोनी के साथ कच्चे क्वार्टर निवासी गीतेश उर्फ गीतू और कोट मोहल्ला निवासी कपिल कहासुनी कर रहे थे। झगड़ा देखकर वह उनका बीच-बचाव करने लगे थे।
इसी दौरान गीतेश उर्फ गीतू और कपिल ने कमल के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। बचाव कराने पर वह कमल को लेकर चले गए थे। अनिल ने बताया था कि उसके बाद रात करीब साढ़े 10 बजे वह कमल के साथ किसी काम से आ रहे थे तो दीपक मंदिर के पास गीतेश, कपिल व पांच-छह युवकों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से पीटा था।
हमले में घायल कमल की बुधवार को मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ दी थी। सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सवित कुमार की टीम ने आरोपियों गीतेश व कपिल को गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।