सोनीपत। गांव कुमासपुर स्थित ओमैक्स सिटी के फ्लैट से खुद को दिल्ली पुलिसकर्मी बताकर दो युवकों का अपहरण कर लूटपाट करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दिल्ली के सब्जी मंडी खारी कुआं स्थित आर्यपुरा निवासी हरीश और रोशनपुरा रोड निवासी गगनदीप हैं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
दिल्ली के शकूरपुर निवासी हिमांशु ने 8 अगस्त को बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त मनीष शर्मा के साथ कार में सवार होकर कुमासपुर स्थित ओमैक्स सिटी में अपने दोस्त अभिषेक से मिलने के लिए आए थे। फ्लैट की सीढ़ियों से उनका अपहरण कर लिया गया था। अपहरण करने वाले युवकों ने खुद को दिल्ली पुलिस स्टाफ से बताया था। वह उन्हें दिल्ली में छोड़कर उनके मोबाइल, 20 हजार रुपये व गाड़ी लूट लिए थे। आरोपी एक-दूसरे को विक्रम, हरीश, आकाश, गगन, विकास व गोविंद के नाम से पुकार रहे थे। पुलिस गोविंद को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। अब हरीश व गगनदीप को गिरफ्तार किया गया है। थाना बहालगढ़ थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।