खरखौदा। शहर के बस स्टैंड पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के सचिव की ओर से ओवरलोड वाहन होने के चलते जब्त कर खड़े करवाए गए एक ट्रक को चोर लेकर भाग गया। तड़के 4 बजे चोर ने इस वारदात को अंजाम दिया। बस स्टैंड इंचार्ज कृष्ण की शिकायत पर खरखौदा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। बस स्टैंड के इंचार्ज कृष्ण का कहना है कि वह आरटीए की ओर से क्षेत्र में ओवरलोड मिलने वाले वाहनों को जब्त कर उनके बस स्टैंड परिसर में खड़ा करवाया जाता है। शनिवार की रात को वह ड्यूटी पर थे। रविवार तड़के चार बजे उसने बस स्टैंड के गेट खोल दिए, ताकि यात्रियों को अंदर आने में परेशानी ना उठानी पड़े। इसी बीच बस स्टैंड प्रांगण में खड़े ट्रक को चोर लेकर भाग गया, यह ट्रक ओवरलोड होने के चलते आरटीए की ओर से जब्त किया गया था। बस स्टैंड से जब्त वाहन को चोरी करने का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी एक घटना सामने आ चुकी है।