फोटो 23. सोनीपत के भिगान टोल प्लाजा के पास जीटी रोउ पर ट्रक चालक से पूछताछ करती पुलिस। स्रोत: प
गन्नौर। हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने भिगान टोल प्लाजा के पास से अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा। ट्रक में एक कंपनी की शराब की 900 पेटी भरी हुई थी। इसकी कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। जांच के दौरान पाया कि ट्रक में लोड शराब का परमिट 31 अगस्त को समाप्त हो चुका था। इसके बाद टीम ने मुरथल थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो, सोनीपत के निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि ट्रक को सीज कर दिया गया है। चालक रोहित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। चालक को अदालत में पेश कर उसे रिमांड पर लिया गया है, ताकि इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि एक ही परमिट पर एक से अधिक गाड़ियों का तो परिचालन नहीं किया है।
सोनीपत के आबकारी अधिकारी नरेंद्र कौशिक ने कहा कि यह अभियान राज्य में किसी भी प्रकार की अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए चलाया जा रहा है। इस दौरान आबकारी निरीक्षक महाबीर बिश्नोई, भोपाल, सिपाही प्रदीप, हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एएसआई संदीप, हवलदार विनय, ब्रह्मप्रकाश मौजूद रहे।