संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत/गोहाना। सहकारी चीनी मिल में गन्ने का भाव कम मिलने से परेशान किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के पदाधिकारियों के साथ गेट पर दो घंटे तक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम प्रबंध निदेशक अनुपमा मलिक को ज्ञापन सौंपा। गांव आहुलाना स्थित चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल में किसानों ने गन्ना प्रबंधक मंजीत दहिया को मांगपत्र सौंपा। किसानों ने चेताया कि अगर गन्ने का भाव 450 रुपये तक नहीं बढ़ाया तो 29 दिसंबर को प्रदेशभर में सभी कैबिनेट मंत्री व भाजपा विधायकों के आवास पर धरने दिए जाएंगे। साथ ही सरकार के पुतले फूंके जाएंगे और आंदोलन का एलान किया जाएगा।
आहुलाना चीनी मिल में जिलाध्यक्ष अशोक लठवाल व भगत सिंह, द सोनीपत सहकारी चीनी मिल में किसान नेता रोहताश बैनीवाल, ओमसिंह, राममेहर छिक्कारा, रविंद्र मुरथल के नेतृत्व में धरना दिया गया। किसान नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार ने गन्ने का भाव बढ़ा रखा है। प्रदेश की गठबंधन सरकार गन्ने का भाव बढ़ाने को लेकर कोई पहल नहीं कर रही है। अनेदखी के कारण प्रदेश में किसानों को गन्ने का भाव पंजाब से कम दिया जा रहा है, जबकि पिछले कुछ सालों में देशभर में गन्ने का भाव हरियाणा में सबसे ज्यादा रहा था। लागत बढऩे के बावजूद सरकार अब भी किसानों को 362 रुपये प्रति क्विंटल भाव दे रही है। जिससे किसानों को घाटा झेलना पड़ रहा है। पंजाब में गन्ने का भाव 380 रुपये प्रति क्विंटल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव तय करें। जिससे किसानों को होने वाली परेशानी से बचाया जा सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांग को पूरा नहीं किया तो 29 दिसंबर को प्रदेशभर में सभी कैबिनेट मंत्री व भाजपा विधायकों के आवास पर धरने दिए जाएंगे। साथ ही सरकार के पुतले फूंके जाएंगे। साथ ही आंदोलन का एलान किया जाएगा। उनकी मांग है कि सरकार जल्द गन्ने का भाव 450 रुपये क्विंटल तय करें। मिल चलाने के लिए उपकरणों का सही इंतजाम करें।
इस दौरान संदीप, शमशेर, जयसिंह दहिया, राजेश कुमार, सत्यवीर सिंह छिक्कारा, अतर सिंह खांडा के अलावा आहुलाना चीनी मिल में रमेश मदीना, मनोज मलिक, रविकरण, जसमेर, महेंद्र सिंह, अजमेर, राजेश, रणबीर, कृष्ण मलिक समेत अन्य किसान मौजूद रहे।
सोनीपत में कामी रोड स्थित चीनी मिल के गेट पर प्रबंध निदेशक अनुपमा मलिक को ज्ञापन सौंपते किसान। सं- फोटो : Sonipat