सोनीपत। प्रदेश के विभिन्न जिलों को जोड़ने वाले कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस वे पर 1 अप्रैल से सफर महंगा हो जाएगा। रविवार आधी रात से टोल की बढ़ी हुई दरें लागू होने से सफर करने वाले लोगों की जेब ढीली होगी। हरियाणा राज्य औद्योगिक विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ तालमेल कर टोल टैक्स में ढाई फीसदी बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। 83 किलोमीटर लंबे केएमपी एक्सप्रेस वे पर टोल की दरें बढ़ने से वाहन चालकों की जेब पर असर पड़ेगा।
केएमपी एक्सप्रेस वे पर दूरी के हिसाब से टोल वसूली होती है। कार, जीप व वैन पर 4 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। केएमपी एक्सप्रेस वे पर वाहन चालकों को प्रति किलोमीटर 4 पैसे से लेकर 28 पैसे अतिरिक्त चुकाने पड़ेंगे। एक्सप्रेस वे पर 11 टोल प्लाजा है। जिस पर रोजाना करीब 65 हजार से ज्यादा वाहनों का आवागमन होता है। एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा का संचालन एचएसआईआईडीसी करता है। इनसे एचएसआईआईडीसी को रोजाना 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का टोल मिल रहा है। वाहन चालकों को अब पहले से ज्यादा टोल शुल्क अदा करना होगा। नए वित्तीय वर्ष के आगाज के साथ ही टोल दरें महंगी हो जाएगी। नई दरों को जारी करने के साथ ही टोल शुल्क वसूली के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
1 अप्रैल से लागू होने वाली दरें (रुपये, प्रति किलोमीटर)
वाहन श्रेणी पुराने रेट नए रेट
कार/जीप/वैन 1.73 रुपये 1.77 रुपये
लाइट कमर्शियल
वाहन/मिनी बस 2.80 रुपये 2.87 रुपये
बस/ट्रक 2 एक्सल 5.87 रुपये 6.01 रुपये
3 एक्सल कमर्शियल 6.40 रुपये 6.56 रुपये
हेवी कंस्ट्रक्शन
वाहन- 4 से 6 एक्सल 9.20 रुपये 9.43 रुपये
ओवरसाइज वाहन
6 से अधिक एक्सल 11.21 रुपये 11.49 रुपये