फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या, भतीजा बाल-बाल बचा

Tue, 23 Apr 2024 05:39 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


राई (सोनीपत)। गांव सबौली में कारोबार को लेकर ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले के दौरान ट्रांसपोर्टर का भतीजा बाल-बाल बच गया। चाचा-भतीजा होटल से खाना लेने के लिए स्कूटी पर सवार होकर दिल्ली के नरेला जा रहे थे। भतीजे के बयान पर पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

गांव सबौली निवासी हरीश ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि उनके चाचा अमरजीत उर्फ मोनू (38) ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। वह रविवार की रात अपने चाचा के साथ स्कूटी पर सवार होकर खाना लेने दिल्ली के नरेला होटल जा रहे थे। जब वह सबौली-नरेला रोड पर गांव की फिरनी में पहुंचे तो इसी दौरान वहां कार खड़ी मिली। सड़क के किनारे खड़ी कार में गांव का गोलू व आशीष उर्फ बाली, झज्जर के गांव लडरावण का मुकेश उर्फ सीटू और सीटू का दोस्त बैठे थे। जब वह उनकी कार के पास से गुजरने लगे तो गोलू ने आवाज देकर उन्हें रुकवा लिया। गोलू भी उनके चाचा अमरजीत की तरह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। गोलू ने रोकते ही उनके चाचा को कहा कि तू मेरे काम में ज्यादा दखलअंदाजी करता है। मैंने तुझे पहले भी समझाया था, तू अकेला ट्रांसपोर्टर बनना चाहता है। इसके बाद कार में बैठे चारों युवक उनके साथ गालीगलौज करने लगे। साथ ही उन्हें धमकी देने लगे।
विज्ञापन


हरीश ने बताया कि वह अपने चाचा को लेकर वापस मुड़कर जाने लगे। इसी दौरान गोलू ने अपने दोस्त सीटू को गोली मारने के लिए कहा। इसके बाद सीटू ने कार से उतर कर पिस्तौल से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। आरोप लगाया कि आरोपी ने तीन फायर किए। एक गोली उनके कान के पास से गई और वह बाल-बाल बच गए। उनके चाचा को कमर के निचले हिस्से में आकर लगी जिससे वह घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर हमलावर भाग गए। वह गांव के ही मोहित के साथ अपने चाचा को कार में लेकर बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में पहुंचे जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। वह उन्हें एक अन्य निजी अस्पताल में ले गए जहां उपचार के दौरान चाचा की मौत हो गई। वह चाचा के शव को लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचे जहां पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। कुंडली थाना पुलिस ने इस मामले में हरीश के बयान पर गोलू, मुकेश उर्फ सीटू, आशीष उर्फ बाली व अन्य के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।



दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

नागरिक अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने बताया कि मोनू के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा करीब 13 वर्ष और बेटी करीब 11 वर्ष की है। उधर, पुलिस का कहना है कि गांव के सरपंच सुनील कटारिया ने गांव में युवक को गोली मारने की सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो वहां उन्हें बताया गया कि घायल को अस्पताल ले जाया गया है। मामले में आरोपी सीटू उर्फ मुकेश का गांव सबौली में ननिहाल है।
विज्ञापन




वर्जन

गांव सबौली में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। परिजनों ने चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। -इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें