सोनीपत स्टेशन के पास खड़ी ट्रेन के प्रेशर पाइप को ठीक करते कर्मचारी। संवाद
सोनीपत। कुरुक्षेत्र से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली गाड़ी संख्या 04406 एचएनके सवारी गाड़ी सोनीपत स्टेशन से निकली ही थी कि उसकी प्रेशर पाइप फट गई जिससे ट्रेन को आउटर पर ही रोकना पड़ा। सूचना मिलने पर रेलवे के इंजीनियर मौके पर पहुंचे और पाइप बदलने का काम शुरू किया। इस दौरान ट्रेन करीब 40 मिनट तक आउटर पर ही खड़ी रही जिससे यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
कुरुक्षेत्र से चलकर हजरत निजामुद्दीन जाने वाली सवारी गाड़ी सोमवार सुबह 8:11 बजे सोनीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। यह ट्रेन 8:13 बजे दिल्ली की तरफ रवाना हुई। सोनीपत स्टेशन से कुछ दूर जाते ही ट्रेन का प्रेशर पाइप फट गई जिससे लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी और प्रेशर पाइप को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन वह ठीक नहीं हो पाई। इसके बाद स्टेशन से रेलवे इंजीनियर पहुंचे और पाइप को ठीक कर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया।
प्रेशर पाइप फटने से ट्रेन सोनीपत से दिल्ली की तरफ आउटर खड़ी रही। ट्रेन में सवार दैनिक यात्री ट्रेन के चलने का इंतजार करते रहे, लेकिन ट्रेन नहीं चलने से कुछ यात्रियों से वापस स्टेशन का रुख किया, ताकि पानीपत की तरफ से आ रही दूसरी सवारी गाड़ी केडीएम पकड़कर समय से काम पर पहुंच सकें। जबकि काफी यात्री ट्रेन के ठीक होने का इंतजार करते रहे।
वर्जन
सवारी गाड़ी एचएनके में सुबह सोनीपत स्टेशन से निकलते ही तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते ट्रेन को रोकना पड़ा। कमी को दूर कर ट्रेन को दिल्ली की तरफ रवाना कर दिया था। इससे यात्रियों को थोड़ी परेशानी हुई थी। -दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकरी, सोनीपत।