गोहाना। पानीपत-गोहाना रोड पर ट्रैक्टर ने साइकिल सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई घायल हो गया। शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
गांव गढ़ी उजाले खां निवासी संजय का कहना है कि उनके तीन बेटे हैं। शनिवार को बड़ा बेटा जतिन व साहिल कबड्डी का खेल देखने के लिए साइकिल पर खानपुर कलां मोड़ के नजदीक गए थे। दोपहर के समय दोनों वापस घर लौट रहे थे। ज्योतिबा फुले स्मारक के नजदीक पानीपत की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जतिन को चोट लगी है। चालक ट्रैक्टर मौके पर ही छोड़कर भाग गया। हादसे की सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे और घायल बेटे को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया।