सोनीपत के बहालगढ़ में किरयाना दुकान पर जांच करती मुख्यमंत्री उडऩदस्ता व खाद्य सुरक्षा अधिकारी
सोनीपत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने बहालगढ़ व बीसवां मील में किराना की दुकानों से तीन सैंपल लिए और इनको जांच के लिए भेजा गया है। नवरात्र के दौरान व्रत करने वाले श्रद्धालु कुट्टू व अन्य खाद्य पदार्थ का सेवन करते हैं। ऐसे में कई बार खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता बेहतर नहीं होने के चलते लोग बीमार हो जाते हैं।
इसे देखते हुए मुख्यमंत्री टीम ने जांच तेज कर दी है। इंस्पेक्टर जसमेर सिंह, संजय शर्मा, कमल व खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. जोगेंद्र सिंह टीम ने बीसवां मील में एक और बहालगढ़ में दो सैंपल लिए। टीम ने बहालगढ़ से कुट्टू व सिंघाड़े के आटे और बीसवां मील से कुट्टू के आटे के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए चंडीगढ़ भेजा जाएगाए जहां से रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. जोगेंद्र सिंह ने बताया कि दशहरा और दिवाली पर्व को देखते हुए हलवाइयों की जल्द बैठक ली जाएगी। पहले बैठक शुक्रवार को बुलाई थी, लेकिन अब चंडीगढ़ जाने के चलते बैठक बाद में बुलाई जाएगी। संवाद