सोनीपत। गांव कुमासपुर की जेल वार्डर को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते व अन्य जानकारी लेने के बाद लाखों रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पीड़िता के बैंक खाते को केवाईसी कराने के नाम पर उनके बारे में सभी जानकारी लेकर साइबर ठग ने धोखाधड़ी को अंजाम दिया। साइबर ठग ने उनके नाम पर 11.77 लाख रुपये लोन लेकर उस राशि को निकाल लिया और उनके खाते में जमा नकदी भी निकाल ली। पीड़िता के बयान पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव कुमासपुर की युवती ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में वार्डर है। उनका बैंक खाता एक्सिस बैंक की दिल्ली शाखा में है। इसमें उनका वेतन मिलता है। उनके बैंक खाते में 22316 रुपये थे। उनके पास 20 मार्च को एक मोबाइल नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए अपनी पहचान भरत कुमार के नाम से दी। उसने कहा कि आपके बैंक खाते में केवाईसी अपडेट नहीं हैं। उसने अपडेट के नाम पर उनके व्हाट्सएप पर कुछ लिंक भेजे। हालांकि आरोपी ने फिर खुद ही उन्हें डिलीट कर दी। फिर उसने भरोसा जताने के लिए अपना बैंक का पहचान पत्र उनके नंबर पर भेजा। उसने एक्सिस बैंक का एप डाउनलोड करने को कहा और उनके खाते को केवाईसी करवाने नाम पर उनसे जानकारी ले ली। उसके बाद उनके साथ ठगी कर दी।
आरोपी ने युवती से यह जानकारी मांगी
युवती का कहना है कि भरत नाम के साइबर ठग ने उनसे उनकी जन्म तिथि, पेन कार्ड और डेबिट कार्ड का नंबर मांगा। उन्होंने केवाईसी कराने के झांसे में उसे यह जानकारी दे दी। उसके बाद उन्हें कहा गया कि 72 घंटे में केवाईसी अपडेट हो जाएगा।
खाते में बदल दिए मेल आईडी व मोबाइल नंबर, ले लिया लोन
युवती ने आरोप लगाया कि साइबर ठग ने उनके बारे में जानकारी लेने के बाद उनके बैंक खाते में दर्ज उनकी मेल आईडी व मोबाइल नंबर बदल लिया। उसके बाद उनके अकाउंट नंबर पर ऑनलाइन तीन बार लोन ले लिया। साइबर ठग ने 20 मार्च को 9,77,500 रुपये, 99,998 रुपये व 99,995 रुपये लोन लिया। उनके फर्जी कागजात तैयार कर कुल 11,77,493 रुपये का नाम लोन लिया गया।
खाते में नकदी डालकर पहले से जमा राशि भी निकाली
साइबर ठग ने उनके खाते में 23 मार्च 30 हजार रुपये डाल दिए। उसके बाद साइबर ठग ने उनके खाते में जमा 22,316 रुपये, 30 हजार रुपये व लोन की राशि अलग-अलग बैंक खातों में डाल ली। तब उन्हें ठगी का पता लगा तो पुलिस को अवगत कराया। साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती का आरोप है कि उन्हें एक अन्य नंबर से अब भी केवाईसी कराने के लिए कॉल आ रही है।