गन्नौर। अनाज मंडी में धान की आवक पिछले साल की अपेक्षा पहले ही शुरू हो चुकी है। अब तक मंडी में 1509 किस्म का 4681 क्विंटल धान पहुंचा है। हालांकि मंडी में सरकारी एजेंसियां 1509 किस्म की खरीद नहीं करती। निजी फर्मों की ओर से धान की खरीद की जा रही है।
मार्केट कमेटी सचिव आशा रानी ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले मंडी में इस बार 1509 किस्म का धान जल्दी पहुंचना शुरू हो गया है। पिछले वर्ष 13 सितंबर तक 1509 किस्म का धान मंडी में नहीं पहुंचा था। ऐसे में इस बार उम्मीद है कि गन्नौर में धान की खरीद का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 1509 किस्म को 3051-3553 रुपये प्रति क्विंटल के भाव में खरीदा जा रहा है। इसके अलावा 1121 बासमती, सरबती व डीबी किस्म का धान अभी तक मंडी में पहुंचना शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों के लिए सभी व्यवस्थाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। मार्केट कमेटी सचिव आशा रानी ने कहा कि बिना गेट पास के मंडी में प्रवेश करने वाले किसानों का धान नहीं खरीदा जाएगा। किसानों को धान व ट्राली का कांटे पर वजन कराने के साथ ही गेट पास दिया जा रहा है। जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी है। फिर भी जिस किसान के पास गेट पास नहीं होगा। उसके धान की खरीद नहीं की जाएगी। सचिव ने बताया कि गन्नौर अनाज मंडी में चार वर्षों से पीआर किस्म का धान नहीं पहुंचा है। इस बार भी अब तक किसी भी किसान ने मेरी फसल-मेरा ब्योरा पर पीआर किस्म के धान के लिए अपना पंजीकरण नहीं कराया है। प्रशासन ने अपनी तरफ से खरीद की पूरी तैयारी कर रखी है। अगर पीआर किस्म का धान मंडी में आता है तो उसकी सरकारी एजेंसियों की ओर से खरीद की जाएगी।