सोनीपत। जिले में तीन नेताओं ने वीरवार को बगावती रुख अपनाते हुए निर्दलीय नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में ताल ठोक दी है। नामांकन के अंतिम दिन भाजपा व कांग्रेस से बगावत करने वाले नेताओं ने नामांकन किया।
भाजपा से बगावत करने के बाद गन्नौर विधानसभा क्षेत्र से आजाद उम्मीदवार के तौर पर देवेंद्र कादियान ने गन्नौर लघु सचिवालय में पहुंचकर नामांकन किया। उन्होंने कहा प्रदेश में 90 में से 89 सीटों पर चुनाव हो रहा है, लेकिन गन्नौर में एक सीट पर न्याय व अन्याय के बीच आंदोलन चल रहा है। भाजपा ने गन्नौर विधानसभा सीट के चुनाव को आंदोलन में बदला है।
वहीं, सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से आजाद उम्मीदवार के रूप में राजीव जैन ने सोनीपत लघु सचिवालय पहुंचकर नामांकन किया। उनके नामांकन के समय पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, पुत्र दिव्यांक जैन व अन्य कार्यकर्ता साथ रहे। राजीव जैन ने कहा कि उन्होंने निरंतर सोनीपत ही नहीं, प्रदेशभर में पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम किया। हमें भाजपा भले ही निष्कासित कर दें, वह आरएसएस के कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे।
इसके अलावा कांग्रेस से बगावत करने के बाद बरोदा विधानसभा सीट पर आजाद उम्मीदवार के रूप में डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने गोहाना लघु सचिवालय पहुंचकर नामांकन किया।