राई। बहालगढ़-मेरठ रोड पर गांव गढ़ मिरकपुर स्थित यमुना पुल के नजदीक वैन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन कांवड़िये घायल हो गए। उनमें से एक का पैर टूट गया। इतना ही नहीं आरोप है कि वैन चालक ने अन्य को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल कांवड़ियों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव जाजी निवासी जसविंद्र सिंह ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उनके गांव से युवक हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे थे। जब वह शनिवार सुबह गढ़ मिरकपुर के पास यमुना पुल पर पहुंचे तो वह एक बाइक पर सवार होकर आगे चल रहे थे। उनके पीछे दूसरी बाइक पर उनका चचेरा भाई सचिन व गांव का नीतीश कुमार थे। इसी दौरान सामने से एक वैन आई और उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। उनकी बाइक में टक्कर मारने के बाद वैन चालक ने उसके पीछे चल रहे चचेरे भाई की बाइक में भी टक्कर मार दी, जिसमें सचिन व नीतिश भी घायल हो गए। इस दौरान उसने कई अन्य लोगों को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे में उनके चचेरे भाई सचिन का पैर घुटने के पास से टूट गया। हादसे में घायल होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से सचिन को गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है।