फोटो 17. स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए आरोपी। संवाद
गन्नौर। स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने छापा मारकर गढ़ी झंझारा रोड स्थित मेडिकल स्टोर और क्लीनिक से मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) किट बेचते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। टीम ने क्लीनिक पर मिली गर्भपात की दवाओं के अलावा अन्य सामान सील कर दिया है। टीम ने आरोपियों को पुलिस को सौंपने के साथ मुकदमा दर्ज करवाया है साथ ही औषधि नियंत्रण अधिकारी संदीप हुड्डा को सूचित करके मेडिकल स्टोर को सील करवा दिया है।
पीएनडीटी की सदस्य एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनविता कौशिक ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गन्नौर के गढ़ी झंझारा रोड स्थित क्लीनिक पर एमटीपी किट बेची जा रही है। जिसके बाद उनके नेतृत्व में डॉ. योगेश गोयल, डॉ. दीपक कौशिक के साथ टीम गठित की गई। उन्होंने गढ़ी झंझारा रोड स्थित क्लीनिक पर एक महिला को ग्राहक बनाकर भेजा। जहां पर किट के बदले एक हजार रुपये की मांग की गई थी। जब महिला क्लीनिक पर गई तो संचालक जमील छौक्कर ने महिला से पैसे लेकर बैठने के लिए कहा। जमील छौक्कर ने फोन कर मेडिकल स्टोर संचालक बली कुतुबपुर निवासी अंकित से एमटीपी किट मांगी। इस पर अंकित ने अपने सहायक पानीपत जिले के गांव बिहोली निवासी शुभम के माध्यम से क्लीनिक पर किट भेज दी। जमील छौक्कर ने जैसे ही महिला को किट दी उसने बाहर खड़ी टीम को इशारा कर अंदर बुला लिया। टीम ने आरोपी जमील को किट के साथ पकड़ लिया। इस दौरान क्लीनिक पर अनाधिकृत दवाइयां व इंजेक्शन भी बरामद हुए, जिनको सील कर दिया गया है। जब जमील से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि क्लीनिक उसका बेटा अंकित छौक्कर चलाता है। जिसके पास बीएमएस की डिग्री है।
साई मेडिकल सेंटर से लेकर आता था किट
जमील छोक्कर का बेटा अंकित क्लीनिक चलाता है। वहां किसी तरह की कोई डिग्री भी नहीं मिली। वह साई मेडिकल स्टोर से किट लेकर आथा था और ग्राहकों को बेचकर मोटी रकम ऐंठ रहा था। पूछताछ करने के बाद टीम खेड़ी रोड स्थित साई मेडिकल स्टोर पर पहुंची। वहां पर टीम ने क्लीनिक संचालक व सहायक को काबू किया। साथ ही औषधि नियंत्रण अधिकारी संदीप हुड्डा से संपर्क करके मेडिकल स्टोर सील कराया। उन्होंने आरोपियों को पुलिस के हवाले कर मामले को शिकायत दी है।
गर्भपात के लिए एमटीपी किट बेचते व अवैध सप्लाई कर रहे तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। -रवि कुमार, थाना प्रभारी, गन्नौर।
फोटो 17. स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए आरोपी। संवाद
फोटो 17. स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए आरोपी। संवाद