संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। क्राइम यूनिट टीम ने रुपये दोगुना करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनमें पानीपत जिले के गांव बांध निवासी विनोद, रोहतक जिले के गांव घिलौड़ खुर्द निवासी विजय और उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गांव बनैल निवासी प्रकाश चंद्र शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों को रंगे हाथ काबू करने के लिए नकली ग्राहक तैयार कर तीन हजार रुपये देकर उनके पास भेजा। जब आरोपियों ने तीन हजार रुपये के छह हजार रुपये दे दिए तो पुलिस ने मौके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से गाड़ी व गाड़ी में रखे केमिकल, छह मोबाइल व अन्य सामान बरामद किए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पानीपत जिले के गांव बांध निवासी विनोद रुपये दोगुना करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता है। आरोपी शुरुआत में ग्राहक के कम रुपये दोगुना करता है और फिर ग्राहक के लाखों रुपये मशीन खराब होने का बहाना बनाकर ठग लेता है। पुलिस ने एक ग्राहक तैयार किया और विनोद से मोबाइल पर संपर्क करके गांव सैनीपुरा के पास बुलाया। पुलिस ने 500-500 रुपये के छह नोट पर हस्ताक्षर करके ग्राहक को दिए। इसके बाद ग्राहक विनोद के पास पहुंचा। विनोद को तीन हजार रुपये दिए। कुछ समय बाद ग्राहक को छह हजार रुपये दिए गए। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। विनोद समेत तीन लोगों को काबू किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल, कार, एक प्रेस, केमिकल की दो बोतल, कपड़े का पैकेट, कांच का स्लैब, दो छिद्रदर्शी प्लास्टिक की बकेट और नोट बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
वर्जन
पुलिस ने रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।-इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, प्रभारी, सदर थाना, गोहाना।