गोहाना। अनाज मंडी के आढ़ती रामनिवास उर्फ कल्लू बुसाना को लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी को अपना भाई बताकर जान से मारने की धमकी दी गई है। उनके पास धमकी भरे मैसेज भेजने के साथ ही कॉल भी की गई। आढ़ती पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। अब आढ़ती के पास विदेशी नंबर से कॉल कर मारने की धमकी के साथ ही अभद्र मैसेज भी किए गए हैं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद सहित अन्य के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बुसाना निवासी रामनिवास उर्फ कल्लू ने सिटी थाना गोहाना पुलिस को बताया कि वह गोहाना अनाज मंडी में आढ़त का काम करते हैं। वह 9 जून की शाम चार बजे गांव से गोहाना अनाज मंडी में आए थे। उसी समय उनके मोबाइल नंबर पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले एक युवक ने कहा कि काला जठेड़ी और लॉरेंस बिश्नोई उसके भाई है। तुम्हें जल्दी ही मार देंगे। वीडियो कॉल पर दो व्यक्ति थे। उनमें से एक ने अपना नाम रणदीप मलिक बताया। उन्होंने उसे व उनकी पत्नी को मारने की धमकी दी। उन्होंने उनके मोबाइल पर वीडियो भी भेजी और अभद्र मैसेज भी किए। व्हाट्सएप कॉल करने वालों ने लॉरेंस बिश्नोई के साथ दो अन्य के फोटो लगा रखे थे। पुलिस ने रामनिवास के बयान पर रणदीप मलिक व अन्य के खिलाफ धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
सात साल पहले हुआ था जानलेवा हमला
गांव बुसाना निवासी रामनिवास पर जानलेवा हमला भी हो चुका है। 20 फरवरी 2017 को सुनारिया जेल के बाहर उन्हें गोली मारी गई थी। मामले में गांव भदाना निवासी विकास को गिरफ्तार किया गया था।
विकास ने कुबूला रामनिवास की हत्या के लिए काला जठेड़ी को छुड़वाया
फरवरी 2020 में एसटीएफ ने बदमाश भदाना निवासी विकास को गिरफ्तार किया था। उसने तब भी कुबूला था रामनिवास बुसाना की हत्या करने के लिए उन्होंने कुख्यात काला जठेड़ी को पुलिस कस्टडी से छुड़वाया था। विकास को काला जठेड़ी को पुलिस कस्टडी से भगाने में मदद करने के आरोप में पकड़ा गया था।
राजू ठेहट से दोस्ती के चलते रखे है रंजिश
रामनिवास उर्फ कल्लू ने बताया कि उनकी दोस्ती राजस्थान के सीकर के रहने वाले राजू ठेहट थी। आरोपी उसे उसके पास जाने से मना करते थे। वह उसके पास जाने की बात कहता था, जिससे वह रंजिश रखे थे। हालांकि राजू ठेहट की दिसंबर 2022 में हत्या कर दी गई थी। रामनिवास का आरोप है कि राजू ठेहट की हत्या से पहले भी उनके पास धमकी भरे कॉल आते रहे हैं।
मामले को लेकर शिकायत मिली थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
इंस्पेक्टर नीरज कुमार, थाना प्रभारी, सिटी गोहाना