सोनीपत के गांव पलड़ी खुर्द में चोरी की घटना में सीसीटीवी में दिख रहा संदिग्ध। वीडियोग्रैब
राई। सर्दी के साथ ही चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही है। अब चोर गांव पलड़ी खुर्द में दुकान की छत उखाडक़र चोर छह एलईडी और 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत बहालगढ़ थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव भठगांव निवासी संदीप दहिया ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि गांव पलड़ी खुर्द में अमर ज्वाला इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान चलाते है। उनकी दुकान में कूलर, फ्रिज, एलईडी, इन्वर्टर बैटरी व अन्य सामान रखा था। उन्होंने बताया कि रात को चोर उनकी दुकान की छत उखाड़कर अंदर घुसे और छह एलईडी और गल्ले में रखे 10 हजार रुपये चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने चार एलईडी 22 दिसंबर, 2023 को ही बेचने के लिए ऑनलाइन मंगवाई थी। वहीं दो एलईडी उनकी दुकान पर पहले से रखी थी। चोर सभी छह एलईडी ले गए। वह सुबह दुकान पर पहुंचे तो चोरी का पता लगा। जिस पर उन्होंने बहालगढ़ थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी में दिख रहा संदिग्ध, चेहरे पर ढक रखा कपड़ा
दुकान में लगे सीसीटीवी में संदिग्ध दिखाई दे रहा है। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध की जानकारी जुटाई जा रही है।
दुकान में चोरी की शिकायत मिली थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है।
- देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, बहालगढ़