सोनीपत। गांव नांदनौर में चोरी की नियत से घर में घुसे युवक को मकान मालिक ने कमरे में ही बंद कर दिया। उन्होंने कमरे को बाहर से कुंडी लगा दी। मामले की सूचना डायल-112 की टीम को दी गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
गांव नांदनौर निवासी जगबीर ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह मंगलवार रात को घर में सो रहा था। इस दौरान आवाज सुनकर उनकी आंख खुल गई। उन्होंने देखा कि दीवार फांदकर गांव का रहने वाला अरविंद उनके घर में घुसा है। वह चोरी की नियत से कमरे में घुस गया। उसके कमरे में घुसने के बाद उन्होंने बाहर से कुंडी लगा दी। उनके घर पर पहले भी चोरी हो चुकी थी। ऐसे में वह सतर्क थे। इसी बीच मामले की सूचना मुरथल पुलिस को मिल गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।