सोनीपत। गांव भठगांव डूंगरान में मुख्य मार्ग और आसपास की गलियों में पानी भरने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को स्कूल जाने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। साथ ही ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए बाहर जाने में परेशानी हो रही है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को पानी में खड़े होकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पिछले सप्ताह हुई बारिश में भरे पानी को निकालने के लिए किसानों ने भदाना माइनर का इस्तेमाल किया। गांव के पास माइनर ओवरफ्लो होने के कारण पानी गलियों और मुख्य मार्ग पर भरा हुआ है।
ग्रामीण अशोक दहिया, प्रवीन, सूरजभान, प्रदीप, बलबीर नंबरदार आदि ने बताया कि गांव के पास से गुजर रही भदाना माइनर काफी समय से बंद पड़ी है। एक सप्ताह पहले तीन दिन तक हुई बारिश के दौरान खेतों में पानी भर गया। जिससे किसानों ने बारिश से प्रभावित हुई धान की फसल बचाने के लिए खेत से पानी निकालने की कोशिश की और खेत से माइनर तक सुंडवा बिछाकर पानी की निकासी करनी शुरू कर दी। माइनर से पानी की निकासी न होने के कारण भठगांव में मुख्य मार्ग व गलियों में पानी भर गया। सिंचाई विभाग की ओर से भदाना माइनर को पहले ही बंद कर रखा है। निकासी न होने से परेशान ग्रामीणों ने पानी में खड़े होकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीण राजबीर, रवि सैनी, नरेंद्र, सतपाल का कहना है कि मुख्य मार्ग व गलियों से निकासी न होने से ग्रामीणों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। विद्यालय जाने के लिए बच्चे भी पानी से होकर गुजर रहे हैं। ग्रामीण पानी की निकासी कराने के लिए प्रशासन को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई न होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन की ओर से गांव में भरे पानी की निकासी जल्द नहीं कराई तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। वह अधिकारियों के कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे।
भदाना माइनर काफी समय से बंद है। बारिश के बाद ओवरफ्लो हुई माइनर के बारे में कोई जानकारी नहीं है। माइनर का निरीक्षण करके गांव भठगांव के मुख्य मार्ग से पानी की निकासी करा दी जाएगी।-कैलाश चंद्र, उपमंडल अभियंता सिंचाई विभाग