सोनीपत। वेस्ट रामनगर में नगर निगम का कारनामा देखने के लिए मिल रहा है। वहां पर पेयजल लाइन ठीकठाक होने के बाद भी नई बिछाई जा रही है। इसके लिए कॉलोनी के लोगों को परेशानी हो रही है। ठेकेदार की तरफ से पुरानी पेयजल और सीवर लाइन के 20 से ज्यादा कनेक्शन तोड़ दिए गए हैं। इसकी वजह से अधिकतर घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। साथ ही पानी की निकासी करने में दिक्कत आ रही है।
वेस्ट रामनगर की गली नंबर 8 में पेयजल लाइन ठीक होते हुए भी गली उखाड़कर नई बिछाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वार्ड नंबर 16 में जिन गलियों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है और पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी सड़कों पर बहता रहता है, उन गलियों में नई पेयजल लाइन बिछाई जा रही है। इसके लिए नगर निगम की ओर से 14 लाख रुपये का टेंडर आवंटित करके इन लाइनों को बिछाने का काम किया जा रहा है।
वेस्ट राम नगर के लोगों का कहना है कि उनकी गली में पेयजल लाइन ठीक है। न ही दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, उसके बावजूद निगम के ठेकेदार को इस मामले में अवगत कराए जाने के बावजूद लाइन को बिछाया जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से जनता के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। गली में पेयजल लाइन व सड़क ठीक होने हुए ठेकेदार ने बुलडोजर लाकर सड़क उखाड़ दी। इस दौरान ठेकेदार की ओर से पुरानी पेयजल लाइन व सीवर लाइन के करीब 20 कनेक्शन भी तोड़ दिए। यह काम पिछले चार दिन से चल रहा है। लोगों के मना करने पर भी ठेकेदार की ओर से काम को नहीं रोका गया है। नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही व ठेकेदार की मनमर्जी का खामियाजा कॉलोनी के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कनेक्शन तोड़े जाने के कारण अब अधिकतर घरों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। साथ ही घरों से दूषित पानी की निकासी भी ठप हो गई है। सड़क तोड़ने से लोगों का गली से गुजरना मुश्किल हो गया है। अगर ठेकेदार ने काम नहीं रोका तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
वेस्ट रामनगर के गली नंबर 8 में पेयजल लाइन लीकेज की शिकायतें मिल रही थीं। जिसके चलते सड़क तो तोड़कर नई पेयजल लाइन बिछाई जा रही है। अगर लोगों को समस्या है तो पेयजल लाइन बिछाने का काम बंद कर दिया जाएगा। साथ ही जिन कनेक्शनों को बुलडोजर से तोड़ा गया है, उन्हें जल्द ही जुड़वा दिया जाएगा। -मनजीत दहिया, सहायक अभियंता, नगर निगम सोनीपत।
फोटो 01- वेस्ट रामनगर के गली नंबर 8 में नई पेयजल लाइन के लिए सड़क उखाड़ता बुलडोजर। संवाद
फोटो 01- वेस्ट रामनगर के गली नंबर 8 में नई पेयजल लाइन के लिए सड़क उखाड़ता बुलडोजर। संवाद