सोनीपत। सुभाष चौक के पास छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट बहन का पीछा करने व अभद्रता करने से रोकने पर हुई थी। कोचिंग सेंटर के तीन छात्र युवती को कई दिन से परेशान कर रहे थे। शिकायत करने पर उसके चचेरे भाई ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने दोस्तों को बुलाकर हमला करा दिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सदर थाना क्षेत्र के गांव निवासी छात्र ने पुलिस को बताया कि वह सोनीपत कोचिंग लेने आता है। उनकी चचेरी बहन एक कॉलेज की छात्रा है। उनकी बहन ने बताया कि तीन छात्र उसका पीछा करते हैं। वह अभद्रता करते हैं। जिस पर वह वीरवार दोपहर बाद अपने दो साथियों संग बहन के पीछे चल रहा था। सुभाष चौक के पास तीन युवक उसकी बहन के पास आए और उसके सामने बाइक का कट मारकर एक कोचिंग सेंटर के आगे खड़े हो गए थे। जिस पर वह उन्हें समझाने गया तो उन्होंने हाथापाई शुरू कर दी। उसके बाद 10-12 अन्य साथियों को बुला लिया। उन्होंने रॉड, लाठी व कस्सी से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। उसे खानपुर में उपचार दिया गया। घायल का कहना है कि हमलावरों में चिटाना, बागड़ू व रतनगढ़ के युवक व उनके साथी हैं। पुलिस ने हमलावरों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया दिया है।
छात्रों के दो गुटों में वीरवार को मारपीट हुई थी। इसमें घायल छात्र की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी की फुटेज चेक की जा रही है।
-कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, थाना सिविल लाइन सोनीपत