सोनीपत के एक दुकान में चोरी के बाद पीड़ित दुकानदार से मिलते भाजपा नेता राजीव जैन। स्रोत: प्रवक
सोनीपत। शहर के कई क्षेत्रों में सोमवार रात चोरों ने कई घटनाओं को अंजाम दिया। सेक्टर-14 मार्केट में डिपार्टमेंटल स्टोर का शटर उखाड़कर चोर नकदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर 15 के शिव मंदिर व टीकाराम कन्या महाविद्यालय के निकट टी स्टाल और फोटो स्टेट की दुकान को निशाना बनाया और शटर तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर भाजपा नेता राजीव जैन ने पीड़ित दुकानदारों से मिले और पुलिस से जल्द चोरों को पकड़ने का आग्रह किया।
दुकानदार मनोज पाहुजा ने बताया कि चोर सेक्टर-14 मार्केट स्थित उनके पाहुजा डिपार्टमेंटल स्टोर का शटर उखाड़कर डीवीआर ले गए। साथ ही गल्ले में रखी 70 हजार नकदी, मोबाइल व कुछ सामान ले गए। चोरी को अंजाम तड़के 3 बजे किया गया। चोरी की घटना साथ लगती दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। शिव मंदिर सेक्टर 15 में चोर पड़ोस की छत पर सीढ़ी लगाकर मंदिर में घुसे और शीशे का दरवाजा तोड़कर छह दान पात्रों में से नकद राशि ले गए। मंदिर के पुजारी धीरज शर्मा ने बताया कि चोर कई हजार रुपये की नकदी व सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए।
टीकाराम कॉलेज के पास सोमवीर की चाय की दुकान का शटर तोड़कर पांच हजार रुपये नकद और कुछ सिगरेट वगैरह ले उड़े। चोरों ने साथ लगती पंक्चर की दुकान का भी शटर तोड़ा परंतु कुछ सामान नहीं उठा पाए। इसी तरह चोरों ने फोटोस्टेट की दुकान का शटर तोडा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच आरंभ कर दी।